बारुण (औरंगाबाद) : प्रखंड मुख्यालय में पंचायत चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को कुल 252 प्रत्याशियों ने परचा दाखिल किया. इस दौरान दिन भर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिली. कई प्रत्याशी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए डीजे के साथ नामांकन करने आये थे.
बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी धनंजय कुमार ने बताया कि कुल 252 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया. मुखिया पद के लिए 36, पंचायत समिति पद के लिए 25, सरपंच पद के लिए 11, पंच पद के लिए 100 व वार्ड सदस्य पद के लिए 80 प्रत्याशियों ने नामांकन किया.
गौरतलब है कि मदनपुर प्रखंड में 10 मई को मतदान होगा.नामांकन के लिए उमड़ी प्रत्याशियों की भीड़ : बारुण पंचायत से मुखिया पद के लिए गायत्री देवी ने शुक्रवार को नामांकन किया. उन्होंने कहा कि वह बारुण पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में देखना चाहती हैं. बारुण पंचायत से बभुन देवी उर्फ लीलावती देवी ने भी नामांकन किया. गठौली पंचायत से रिंकू देवी ने परचा भरा.
उन्होंने कहा कि पंचायत का विकास ही उनका मुख्य उद्देश्य है. गठौली पंचायत सद्ही रंजीत कुमार ने पंचायत समिति पद के लिए नामांकन किया. पिपरा पंचायत से युवा लोजपा जिलाध्यक्ष प्रांशु शर्मा की पत्नी वैशाली तिवारी ने मुखिया पद के लिए नामांकन किया. उन्होंने कहा कि पंचायत को विकास के पैमाने पर खरा उतारूंगी. नामांकन के अंतिम दिन बारुण प्रखंड कार्यालय में पूरे दिन प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही.
