जल्द जमा करें संपत्ति का ब्योरा, वरना रुकेगा वेतन
जिले में अब तक 300 सौ लोगों ने नहीं जमा किया है संपत्ति का ब्योरा
औरंगाबाद (नगर) : अब तक जो सरकारी पदाधिकारी व कर्मचारी अपनी संपत्ति का ब्योरा जमा नहीं किये हैं, वे अविलंब दो दिनों के अंदर संपत्ति का ब्योरा जमा कर दें, नहीं तो उन्हें फरवरी व मार्च माह का वेतन नहीं मिल सकेगा. जिले में अब तक 300 सौ लोगों ने संपत्ति का ब्योरा नहीं जमा किया है. संपत्ति का ब्योरा नहीं जमा करने पर डीएम ने मदनपुर सीडीपीओ, नवीनगर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, देव बीडीओ, हसपुरा व दाउदनगर सीओ समेत दर्जन भर प्रधानाध्यापकों के फरवरी माह के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गयी है.
जानकारी के अनुसार, गत 28 फरवरी तक सभी कर्मचारियों व पदाधिकारियों को संपत्ति का ब्योरा देने का निर्देश जारी किया गया था. बावजूद औरंगाबाद कोषागार अंतर्गत 224 व दाउदनगर कोषागार अंतर्गत 59 लोगों ने अब तक अपनी संपत्ति का ब्योरा जमा नहीं किया है. इस कारण सरकार को समय पर रिपोर्ट नहीं भेजी जा सकी. हालांकि, जिलास्तरीय पदाधिकारी द्वारा लगातार संपत्ति का ब्योरा जमा करने का निर्देश दिया जा रहा है. बावजूद सरकारी कर्मचारी व अधिकारी संपत्ति का ब्योरा जमा करने में कोताही बरत रहे हैं.
