घर परिवार व दुनियादारी की जवाबदेही व जिम्मेवारी के लिए तिनका-तिनका इक्कठा कर एक दुकान खड़ा किया. जब उससे परिवार की हालत सुधरने लगी तो किसी की नजर लग गयी. हजार लाख में बदले व लाख खाक में बदले गये. एक झटके में ही अगलगी की भेंट सारा सामान चढ़ गया.
औरंगाबाद (ग्रामीण) : शहर के ओवरब्रिज के समीप सोनी फैंसी वस्त्रालय नामक दुकान में भीषण आग लग गयी. इस घटना में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ. घटना रविवार की रात की है. व्यवसायी जयराम प्रसाद को इस घटना से गहरा सदमा लगा है. सोमवार की सुबह जले हुए सामान की राख में कुछ बचे हुए सामान को टटोल रहे थे.
सिर पर हाथ रख कर उन्होंने बताया कि आठ बजे रात में दुकान बंद कर अपने घर जगदेव नगर गया था. डेढ़ घंटे बाद ही सूचना मिली कि दुकान में आग की लपट निकल रही है. भागा-दौड़ा पहुंचा और आग पर काबू पाने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगायी. कुछ ही देर बाद दमकल भी पहुंच गया. लेकिन, तब तक दुकान में रखे धोती, साड़ी सहित लाखों के वस्त्र राख में बदल गये.
इधर, पता चला है कि घटना की सूचना पाकर नगर थाने की पुलिस भी रात में ही पहुंची थी और मामले की छानबीन भी की थी. व्यवसायी की माने तो सोमवार की शाम तक पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर पायी थी. वैसे यह घटना संदेह के घेरे में है. दुकान में आग कैसे लगी यह पुलिस गंभीरता से छानबीन कर रही है. एक ओर अपराधियों पर भी घटना का शक जा रहा है तो दूसरी तरफ व्यवसायी पर भी. स्थानीय लोग भी घटना को शक के निगाह से देख रहे हैं. अब मामला जो हो पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगा.
