प्रतिनिधि, बारुण. शराब धंधा पर अंकुश लगाने के लिए बारुण थाना की पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कार से काफी मात्रा में देशी शराब जब्त की है. इस दौरान पुलिस ने दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के गेमन पुल के समीप पुलिस चेकपोस्ट के पास सघन वाहन जांच के दौरान 120 स्पोर्ट्स कार को रोका. तलाशी के दौरान वाहन के गेट, डिक्की और सीट के नीचे छिपाकर रखी गयी 200 एमएल की 315 पीस देसी शराब बरामद की गयी, जिसकी कुल मात्रा 63 लीटर बतायी गयी है. मौके से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहतास जिले के डालमियानगर के प्रभाकर कुमार तथा झारखंड राज्य के पलामू मोहमदगंज के प्रेम कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप झारखंड से बिहार लायी जा रही थी. साथ ही आरोपितों की निशानदेही पर एक बाइक भी जब्त की गयी है, जो इस धंधे में प्रयुक्त हो रहे थे. बारुण थाना में आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस ने जब्त वाहन व शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कार से 63 लीटर शराब जब्त, दो धंधेबाज गिरफ्तार
दो धंधेबाज गिरफ्तार
