औरंगाबाद (नगर) : व्यवहार न्यायालय स्थित जिला विधि संघ में शनिवार की रात्रि चोरों ने जम कर उत्पात मचाया. विधि संघ के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा के अनुसार, विधि संघ भवन में लगे बिजली वायरिंग तार को चोरों द्वारा तार को काट लिया गया. साथ ही पंखा खोलने का प्रयास किया गया. लेकिन, चोर अपने मंसूबे पर कामयाब नहीं हो सके और पंखा खोलने में असफल साबित हुए. इसके बाद बिजली तार को लेकर चलते बने.
अध्यक्ष ने बताया कि चोरों द्वारा अलमारी तोड़ने का भी प्रयास किया गया. लेकिन, नहीं टूट पाया. घटना की सूचना रविवार को नगर थाना पुलिस को दे दी गयी. सूचना मिलने के बाद नगर थाना दारोगा प्रभात कुमार सिंह, दीनबंधु झा विधि संघ भवन पहुंचे और घटना की छानबीन की.
इस दौरान अधिवक्ता अजय सिंह, रंजन दूबे, जगनारायण सिंह, इरशाद आलम, मयंक मनोहर ने बताया कि यह घटना काफी दुखद है. घटना कैसे घटी इसे हमलोग अपने स्तर से भी पता कर रहे हैं. गौरतलब है कि विधि संघ भवन में सुरक्षा के उद्देश्य से एक रात्रि प्रहरी भी रहता है, साथ ही न्यायालय परिसर में पुलिस रहती है.
