औरंगाबाद (नगर) : शहर के महाराजगंज रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा से 10 लाख रुपये लेकर भागने का प्रयास तो किसी तरह विफल हो गया. पर, पुलिस अनुसंधान में कैश काउंटर पर बैठा बैंक कर्मी की लापरवाही का मामला सामने आ रहा है.
बैंक का नियम यह है कि जब भी पैसे लेकर कैश काउंटर पर कोई भी बैंककर्मी बैठता है, तो उसे कैश काउंटर का दरवाजा अंदर से लॉक कर बैठना है. यही नहीं, जिस वक्त तिजोरी से पैसा निकाल कर काउंटर पर लाया जाता है, उस वक्त बैंक के अंदर किसी भी अन्य व्यक्ति को तब तक प्रवेश नहीं करने दिया जाता है, जब तक कि सारी व्यवस्था ठीकठाक न हो जाये.
पुलिस की मानें, तो बैंक 10 बजे के करीब खुला. 10:10 बजे तिजोरी से 40 लाख रुपये कैश काउंटर के लिए निकले गये. इस दौरान कुछ रुपये दूसरे काउंटर पर दिये गये. कैश काउंटर इंचार्ज रोहित कुमार बचे पैसे लेकर काउंटर में बैठा हुआ था. साथ की काउंटर का दरवाजा खुला था. उस वक्त बैंक में दर्जनों ग्राहक भी थे. इस बीच, एक अपराधी बैंक की सुरक्षा को धता बताते हुए पीछे से कैश काउंटर में प्रवेश कर गया. जहां से 10 लाख रुपये लेकर भागने का प्रयास किया.
संयोग ठीक था कि जैसे ही अपराधी पैसा लेकर भागा, वैसे ही बैंक कर्मी, सुरक्षाकर्मी व ग्राहक शोर करते हुए पीछा करना शुरू कर दिया. इसके बाद अपराधी डर कर पैसा छोड़ कर भाग निकला. पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक डॉ सारंधर सिंह का कहना है कि घटना का अंजाम अकेले नहीं दिया गया है, बल्कि अपराधी के साथ अन्य सहयोगी भी बैंक में थे. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है.
साथ ही सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दी गयी है. एसडीपीओ अजय नारायण यादव का कहना है कि घटना बैंककर्मी की लापरवाही से घटी, क्योंकि कैश काउंटर तक पहुंचने में तीन दरवाजे हैं, लेकिन तीनों खुले थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
