औरंगाबाद (सदर) : भारत स्काउट्स एंड गाइड के 10 बच्चों ने राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है. इन सभी बच्चों को 9 सितंबर को राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिया.
इस संबंध में राज्य सचिव सह जिला संगठन आयुक्त श्रीनिवास कुमार ने बताया कि यह पुरस्कार स्काउट्स एंड गाइड के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रदान किया जाता है. श्री कुमार ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर चुके ये सभी स्काउट्स एंड गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आयोजित रैली हरियाणा के गदपुरी नेशनल यूथ कॉम्पलेक्स में शामिल होंगे.
यह कार्यक्रम 10 अक्तूबर तक आयोजित है. उन्होंने बताया कि पुरस्कार प्राप्त कर चुके सभी स्काउट्स एंड गाइड को जिला शिक्षा पदाधिकारी राम प्रवेश सिंह ने बधाई दी है.
