Aurangabad News : गोह प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को प्रखंड 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता 20 सूत्री अध्यक्ष सह गोह मंडल भाजपा अध्यक्ष ने की. बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागवार समीक्षा की गयी. इस दौरान उर्वरक की आपूर्ति एवं वितरण में कथित अनियमितता, राशन वितरण में कटौती और बाल विकास परियोजना से संबंधित शिकायतों का मामला प्रमुखता से उठा.
विधायक ने अधिकारियों को जनहित के मामलों में गंभीरता बरतने का दिया निर्देश
बैठक में गोह विधायक अमरेंद्र कुमार कुशवाहा ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की बात कही. उर्वरक वितरण में किसानों को हो रही परेशानी और कथित अनियमितता पर भी चर्चा की गयी. वहीं राशन वितरण में कटौती की शिकायतों को लेकर आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली गयी.
बाल विकास परियोजना की शिकायतों पर भी हुई चर्चा
बैठक में बाल विकास परियोजना से संबंधित शिकायतों को भी गंभीरता से उठाया गया. सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आमलोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करने की मांग की.
प्रधान लिपिक की कथित मनमानी का उठा मुद्दा
बैठक के दौरान गोह प्रखंड के प्रधान लिपिक की कथित मनमानी का मुद्दा भी चर्चा में रहा. समिति के सदस्यों ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग रखी.
धवही और गैनी गांव में प्राथमिक विद्यालय खोलने का प्रस्ताव
बैठक में धवही और गैनी गांव में प्राथमिक विद्यालय खोलने का प्रस्ताव भी रखा गया. सदस्यों ने कहा कि दोनों गांवों में विद्यालय खुलने से स्थानीय बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा.
Also Read : औरंगाबाद में जमीन निबंधन व्यवस्था हुई पेपरलेस, 17 अगस्त से दाउदनगर में भी लागू होगी डिजिटल प्रणाली
उपहारा बाजार तक आरसीडी सड़क निर्माण के प्रयास की सराहना
उपहारा थाना मोड़ से उपहारा बाजार तक आरसीडी सड़क निर्माण के लिए उपहारा मंडल अध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य राजीव कुमार विद्यार्थी द्वारा किये गये प्रयास की विधायक ने सराहना की. वहीं हरिगांव स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए प्रस्तावित जमीन की अब तक अंचलाधिकारी द्वारा मापी नहीं कराये जाने पर विधायक ने चिंता जतायी और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा.
प्रमुख तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 1.90 करोड़ की योजना स्वीकृत
बैठक में गोह प्रखंड के प्रमुख तालाब की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी उठा. विधायक अमरेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि तालाब के विकास के लिए 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत वाली योजना को स्वीकृति मिल चुकी है. योजना के धरातल पर उतरने के बाद तालाब का सौंदर्यीकरण होने के साथ आसपास के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है.
Also Read : औरंगाबाद के ओबरा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, विद्युत कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में 20 सूत्री उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, 20 सूत्री सदस्य सह उपहारा मंडल भाजपा अध्यक्ष राजीव कुमार विद्यार्थी, सुनील शर्मा, सुधीर मिश्रा, कुमार आर्य, वशिष्ठ शर्मा, दीनानाथ चंद्रवंशी, राजकिशोर दुबे, अजय कुमार साव और अवध पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, आपूर्ति, कृषि, पशुपालन, पेयजल, जीविका और बाल विकास परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने भी भाग लिया. अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह 20 सूत्री समिति के सचिव तथा गोह थानाध्यक्ष भी उपस्थित रहे.
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया गया जोर
बैठक में उठाये गये जनहित के मुद्दों और अधिकारियों के साथ हुई चर्चा को समिति सदस्यों ने सकारात्मक बताया. अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा आमलोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की अपेक्षा जतायी गयी.
Also Read : पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन पहुंचे एमएलसी संजय कुमार सिंह, प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
