औरंगाबाद/हसपुरा : हसपुरा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. हसपुरा-पचरूखिया रोड में ईटवा गांव के समीप महल ईंट भट्ठा से 1172 कार्टन में रखे 56256 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है. प्रत्येक कार्टन में 180 एमएल के 48 बोतल शराब रखा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. इसके साथ ही एक बड़े रैकेट का भी भंडाफोड़ हुआ है.
महल ईंट भट्ठे से 56 हजार बोतल शराब हुई बरामद
औरंगाबाद/हसपुरा : हसपुरा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. हसपुरा-पचरूखिया रोड में ईटवा गांव के समीप महल ईंट भट्ठा से 1172 कार्टन में रखे 56256 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया गया है. प्रत्येक कार्टन में 180 एमएल के 48 बोतल शराब रखा था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है. […]

छापेमारी के दौरान ईंट भट्ठा मालिक व ईटवा गांव के ही प्रमोद कुमार व ट्रक का चालक हरियाणा झज्जर जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के असोदा गांव निवासी नरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है. अन्य धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
गुरुवार की रात हसपुरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली की शराब की एक बड़ी खेप पचरूखिया रोड से गुजरने वाली है. पुलिस की टीम हसपुरा-पचरूखिया रोड में गश्ती पर थी. रात डेढ़ बजे के करीब स्कूटी सवार दो व्यक्ति जब सूनसान हो चुके ईंट भट्ठे की ओर जाते दिखते, तो गश्ती टीम ने उनका पीछा किया.
इस क्रम में ईंट भट्ठा के समीप पुलिस को देखते ही एक धंधेबाज भाग खड़ा हुआ. जबकि, प्रमोद कुमार पकड़ा गया. पुलिस की नजर जब ईंट भट्ठे के तरफ गयी तो दिखा कि एक बड़े ट्रक से शराब का कार्टन पिकअप में डाला जा रहा था. गश्ती की टीम ने थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद को सूचना दी.
जिसके बाद काफी संख्या में पुलिस के पदाधिकारी व जवान वहां पहुंचे और शराब जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी. इस क्रम में भट्ठा पर शराब की पेटी उतार रहे कई धंधेबाज व मजदूर भागने में सफल हो गये. लेकिन, ट्रक का चालक पकड़ा गया. पता चला कि ईंट भट्ठे से रात के वक्त छोटे-छोटे धंधेबाजों को वाहनों के माध्यम से शराब की सप्लाई की जाती थी. पहले भी शराब से संबंधित मामले ईंट भट्ठा से जुड़ा था.
थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद ने बताया कि ट्रक चालक व ईंट भट्ठा मालिक को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही ट्रक व मैजिक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इधर, जानकारी मिली कि दाउदनगर एसडीपीओ राजकुमार तिवारी भी पहुंचे और बरामद शराब का जायजा लिया. ईंट भट्ठा का भी निरीक्षण किया.