औरंगाबाद शहर : मिजिल्स रूबेला अभियान में लापरवाही बरतने वाले चार स्वास्थ्य प्रबंधकों व पांच प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरकों से स्पष्टीकरण पूछा गया है. यह कार्रवाई डीएम राहुल रंजन महिवाल द्वारा की गयी. मंगलवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यों की समीक्षा की और स्थिति की जानकारी ली. मिजिल्स रूबेला की समीक्षा के क्रम में यह सामने आया कि कुछ अधिकारियों व कर्मियों द्वारा रूबेला से संबंधित गलत रिपोर्ट दी जा रही है.
वहीं प्रदर्शन भी बेहतर नहीं है. इसपर डीएम ने सख्ती दिखाते हुए स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश विभागीय पदाधिकारियों को दिया. मदनपुर, ओबरा, सदर प्रखंड के स्वास्थ्य प्रबंधकों की उपलब्धि मिजिल्स रूबेला में बेहतर नहीं पायी गयी. जबकि मदनपुर, ओबरा, सदर प्रखंड, रफीगंज व देव के प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरकों का रूबेला अभियान में प्रदर्शन जिला स्तर से भी खराब पाया गया.
वहीं बारूण व सदर स्वास्थ्य प्रबंधक का प्रदर्शन नियमित टीकाकरण में खराब पाया गया. इसपर उक्त कर्मियों से स्पष्टीकरण करते हुए जवाब मांगा गया है. इसमें गलत रिपोर्ट देनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा. बैठक में डीडीसी घनश्याम मीणा, आईसीडीएस की डीपीओ रीना कुमारी, सिविल सर्जन डॉ अमरेन्द्र नारायण झा समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे.
टीकाकरण व प्रसव में तेजी का निर्देश : समीक्षा के दौरान टीकाकरण अभियान व प्रसव की गति भी धीमी पायी गयी. इसपर डीएम ने इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया. वर्तमान में जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लगभग 80 फीसदी टीकाकरण हो रहा है. इसमें तेजी लाते हुए 90 प्रतिशत से ऊपर करने का निर्देश दिया.
खुलेगा परामर्श काउंटर
बैठक में परिवार नियोजन व पुरुष नसबंदी आदि की भी समीक्षा की गयी. इस दौरान परिवार नियोजन की जागरूकता के लिए विशेष पहल करने की जरूरत जतायी गयी. इसी कड़ी में डीएम ने सभी अस्पतालों में परामर्श काउंटर खोलने का निर्देश दिया.
चलाया जायेगा मतदाता जागरूकता अभियान
लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान प्रशासन की प्राथमिकता है. इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग भी मदद करेगा. यह विभाग मतदाताओं को जागरूक करने के अभियान चलायेगा
