औरंगाबाद शहर : पैक्स के लाखों रुपये गबन करने के आरोपित बड़वा पैक्स अध्यक्ष अभिराम विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पैक्स अध्यक्ष को फेसर व औरंगाबाद की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत रविवार दोपहर गिरफ्तार किया.
हालांकि, इस मामले में पुलिस ने कुछ भी बताने से इन्कार किया है. गौरतलब है कि गबन से संबंधित मामला दर्ज होने के बाद बड़वा पैक्स अध्यक्ष कई महीनों से फरार चल रहे थे.
दर्ज मुकदमे में आरोप है कि बड़वा पैक्स अध्यक्ष ने पूर्व को-ऑपरेटिव बैंक प्रबंधक नंदू राम, कैशियर विनोद कुमार व बड़वा पैक्स के प्रबंधक की मिलीभगत से किसानों की जमा राशि का गबन कर लिया है. गबन के आरोपित को सजा दिलाने की मांग को लेकर किसानों ने कई बार उग्र आंदोलन भी किया था.
औरंगाबाद विधायक आनंद शंकर सिंह भी पैक्स अध्यक्ष की गिरफ्तारी और मामले की जांच को लेकर किसानों के साथ सड़कों पर उतरे थे और धरना भी दिया था. जिले में लगातार बिगड़ रहे माहौल और किसानों के जबर्दस्त विरोध को देखते हुए डीएम ने एमडी धर्मनाथ प्रसाद को जांच का निर्देश दिया था.
जांच की प्रक्रिया शुरू हुई, तो मामला उजागर हुआ कि अभिराम विश्वकर्मा ने लगभग 60 लाख रुपये डकार गये हैं. हालांकि, पूर्व में अभिराम विश्वकर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया था. गौरतलब है कि अभिराम विश्वकर्मा 2001 से लगातार निर्विरोध पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित होते रहे हैं. यही नहीं, वह राज्य सरकार से सम्मानित भी हो चुके हैं.
