औरंगाबाद नगर : स्वतंत्रता दिवस की सभी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गयी है. स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गांधी मैदान में होगा. यहां पिछड़ा-अतिपछड़ा कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री बृजकिशोर बिंद सुबह नौ बजे झंडोत्तोलन करेंगे. इस दौरान जिलाधिकारी राहुल रंजन महिवाल, एसपी डाॅ सत्यप्रकाश के अलावा शासन-प्रशासन के अधिकारी, वरिष्ठ […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
औरंगाबाद नगर : स्वतंत्रता दिवस की सभी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गयी है. स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गांधी मैदान में होगा. यहां पिछड़ा-अतिपछड़ा कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री बृजकिशोर बिंद सुबह नौ बजे झंडोत्तोलन करेंगे. इस दौरान जिलाधिकारी राहुल रंजन महिवाल, एसपी डाॅ सत्यप्रकाश के अलावा शासन-प्रशासन के अधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे. झंडोत्तोलन के पूर्व स्कूली बच्चों द्वारा सुबह में प्रभातफेरी निकाली जायेगी. गांधी मैदान में प्रभारी मंत्री के झंडोत्तोलन व संबोधन को लेकर आकर्षक मंच बनाया गया है.
झंडोत्तोलन के समय किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हो इसके लिए भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गयी है. इसके अलावा सरकार व गैर सरकारी कार्यालयों को भी सजाया गया है. वहीं, स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए नक्सली काला झंडा नहीं फहराये पुलिस प्रशासन काफी चौकस है. जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक डाॅ सत्यप्रकाश ने बताया कि पूरे जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान थानों द्वारा चलाया जा रहा है. खासकर नक्सलग्रस्त क्षेत्रों में सीआरपीएफ, कोबरा, चीता, एसटीएफ, बिहार पुलिस के जवानों द्वारा कॉबिंग ऑपरेशन चलाते हुए एरिया का डिमांईनिंग किया जा रहा है. सभी थानों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है.
पब्लिक-पुलिस में होगा फैंसी क्रिकेट मैच : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस व जनता के बीच बेहतर संबंध बनाने के उद्देश्य से शहर के गेट स्कूल के मैदान में प्रशासन एकादश एवं नागरिक एकादश के बीच फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया है. इस फैंसी क्रिकेट मैच कराने की जिम्मेदारी पत्रकार रवींद्र कुमार रवि, गोपाल प्रसाद सिंह व जगन्नाथ सिंह को दी गयी है. वहीं संध्या में स्थानीय कलाकारों द्वारा संस्कृति कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी.
कब कहां होगा झंडोत्तोलन
गांधी मैदान – 9 बजे
समाहरणालय – 9.45
अनुमंडल कार्यालय – 10.00
जिला अतिथि गृह – 10.15
जिला परिषद – 10.25
नगर परिषद – 10.35
पुलिस केंद्र – 10.45
रेडक्रॉस भवन – 11.00
नगर थाना – 11.15
कारगिल चौक – 11.30
महादलित टोलो में मौजूद रहेंगे प्रभारी मंत्री
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महादलित टोलो में झंडोत्तोलन के दौरान जिले के पदाधिकारी के साथ-साथ प्रभारी मंत्री ब्रजकिशोर बिंद भी मौजूद रहेंगे. मिली जानकारी के अनुसार कामा बिगहा वार्ड संख्या 28 के महादलित टोला में प्रभारी मंत्री ,दानी बिगहा महादलित टोला में वरीय उप समाहर्ता डॉ फतेह फैयाज,दानी बिगहा वार्ड संख्या-दो महादलित टोला में एसपी डॉ सत्यप्रकाश,बैजनाथ बिगहा महादलित टोला में उप विकास आयुक्त संजीव सिंह, बस पड़ाव में अपर समाहर्ता,आजाद नगर में जिला परिवहन पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार,टिकरी रोड महादलित टोला में पुरुषोत्तम पासवान,सोमारू बिगहा में प्रमोद कुमार पांडेय, बिराटपुर में जिला कल्याण पदाधिकारी, नावाडीह में एसडीओ प्रदीप कुमार सहित विभिन्न महादलित टोलों में अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे.