Arwal Road Accident : अरवल जिले के करपी प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए. इनमें दो युवकों की हालत गंभीर बतायी जा रही है, जिन्हें सदर अस्पताल अरवल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.
तिलकधारी बीघा के पास दो बाइक की भिड़ंत
पहला हादसा शह तेलपा थाना क्षेत्र के तेलपा-बैदराबाद मुख्य पथ पर तिलकधारी बीघा गांव के पास हुआ. यहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गयी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
तीन घायल औरंगाबाद निवासी
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल पहुंचाया. घायलों की पहचान रिशु कुमार, जयप्रकाश कुमार और सौरभ कुमार के रूप में हुई है. तीनों औरंगाबाद जिले के उपहरा थाना क्षेत्र के अरंडा गांव के निवासी बताए जाते हैं. वे किसी आवश्यक कार्य से बैदराबाद की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तिलकधारी बीघा के पास हादसा हो गया.
दो की हालत गंभीर, पटना रेफर
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने रिशु कुमार और जयप्रकाश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया. वहीं सौरभ कुमार का इलाज सदर अस्पताल अरवल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना ले गयी.
मथुरा के पास टेंपो-बाइक में टक्कर
दूसरा हादसा इमामगंज-अरवल मुख्य पथ पर मथुरा गांव के पास हुआ. यहां टेंपो और बाइक के बीच टक्कर हो गयी. हादसे में टेंपो सवार दो लोग घायल हो गए. घायलों की पहचान राजकिशोर और निलेश कुमार के रूप में की गयी है. दोनों का इलाज सदर अस्पताल अरवल में कराया जा रहा है. पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जांच में जुटी है.
