राष्ट्रीय आम समागम में अरवल के पांच प्रगतिशील किसान सम्मानित, उत्कृष्ट आम उत्पादन का मिला पुरस्कार

National Mango Meet : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला में अरवल के पांच प्रगतिशील किसानों को उत्कृष्ट आम उत्पादन और प्रदर्शनी के लिए सम्मानित किया गया. किसानों को प्रमाणपत्र और चेक प्रदान किए गए.

अरवल से अंजनी की रिपोर्ट
National Mango Meet : बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला में अरवल जिले के किसानों ने अपनी उत्कृष्ट भागीदारी से जिले का मान बढ़ाया. कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), अरवल के 20 किसानों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी उन्नत बागवानी का प्रदर्शन किया.

पांच किसानों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में केयाल के महेंद्र कुमार को बिहार राज्य के जोन-3बी के प्रगतिशील आम उत्पादक सम्मान से नवाजा गया. वहीं प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में राज खरसा (कलेर) के विश्राम शर्मा, नरही (कुर्था) के अनिल कुमार, शिवम कुमार तथा पैनाठी (कुर्था) के मो. शाहिद अफजल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया.

विभिन्न किस्मों के आमों की लगी प्रदर्शनी

किसानों ने मल्लिका, कृष्णभोग, रानीपसंद, स्वर्णरेखा, सीपिया सहित कई उन्नत किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई. प्रदर्शनी में उनके उत्कृष्ट उत्पादन, गुणवत्ता और प्रस्तुतीकरण की विशेषज्ञों ने सराहना की.

आम उत्पादन को नई पहचान दिलाने की पहल

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र लोदीपुर के विशेषज्ञ डॉ. विनोद कुमार सिंह भी किसानों के साथ मौजूद रहे. केवीके अरवल की वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनीता कुमारी ने कहा कि यह आयोजन किसानों की आय बढ़ाने, उन्नत तकनीकों के प्रसार, आम की विविध किस्मों के संरक्षण, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बिहार के आम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ कृषि, बागवानी, उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगे.

इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >