अरवल के बालाजी वेंकटेश्वर धाम में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मेहंदिया स्थित बालाजी वेंकटेश्वर धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। हजारों श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर भगवान के जन्मोत्सव का आनंद लिया।

Janmashtami in Arwal : अरवल जिले के कलेर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मेहंदिया स्थित प्रसिद्ध बालाजी वेंकटेश्वर धाम में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भजन-कीर्तन के साथ बड़े ही हर्षोल्लास से जन्माष्टमी मनायी.

फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर

जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, गुब्बारों और बिजली की रंग-बिरंगी रोशनियों से दुल्हन की तरह सजाया गया था. गर्भगृह में बाल गोपाल की मनमोहक झांकी सजायी गयी थी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही. सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा.

भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा धाम

दिनभर मंदिर में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा. श्रद्धालुओं ने 'नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' और 'हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' के गगनभेदी जयकारों से पूरे धाम को गुंजायमान कर दिया. भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल पूरी तरह कृष्णमय बना रहा.

मध्यरात्रि में हुआ श्रीकृष्ण का जन्म, हुई महाआरती

मंदिर के मुख्य पुजारी प्रदुम्नाचार्य एवं पुजारी अजय कुमार ने विधि-विधान से भगवान बालाजी वेंकटेश्वर और बाल गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना करायी. मध्यरात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरे मंदिर परिसर में शंख और घंटियों की मधुर ध्वनि गूंज उठी. इसके बाद महाआरती की गयी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम

जन्माष्टमी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थानाध्यक्ष स्वयं मंदिर परिसर में डटे रहे.

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में दर्जनों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी थी. पुलिस जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित दर्शन कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. प्रशासन की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की. देर रात तक धाम में भक्तों की भीड़ लगी रही और पूरा क्षेत्र कृष्णमय बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अंजनी कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >