Arwal news : कुर्था थाना क्षेत्र के मानिकपुर स्थित छतोंई गांव निवासी 14 वर्षीय शिवम कुमार की बिथरा डैम के समीप सेनाने नदी में डूबने से हुई मौत के बाद पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने घटना को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की बात कही. पूर्व सांसद ने कहा कि घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया था.
विरोध करने पर केस करना गलत, वापस लिया जाये
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में खोजबीन शुरू कराता तो ग्रामीणों को सड़क जाम करने की जरूरत नहीं पड़ती. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के करीब नौ घंटे बाद बीडीओ मौके पर पहुंचे जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ा और उन्होंने सड़क जाम को अंतिम विकल्प के रूप में अपनाया. डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि अरवल एक संवेदनशील जिला है.
जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी उठाया सवाल
उन्होंने वर्तमान जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के कई घंटे बाद अधिकारियों का पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है. पूर्व सांसद ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वे मुख्य सचिव और डीजीपी से बात करेंगे उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस ली जानी चाहिए. साथ ही उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर हुई लापरवाही की जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की.
