अरवल में स्वास्थ्य मेले और जागरूकता रैली से परिवार नियोजन का संदेश, 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

अरवल में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मेला और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत परिवार नियोजन की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

अरवल में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मेला और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली को सिविल सर्जन डॉ राजकिशोर प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, मातृ स्वास्थ्य, गरीबी और मानव अधिकारों जैसे जनसंख्या से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक करना था. कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ राजकिशोर प्रसाद, जिला रोग प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ नंद विहारी शर्मा और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ उमेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.

11 से 31 जुलाई तक चलेगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

सिविल सर्जन डॉ राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश के सामने एक बड़ी चुनौती है. इसे नियंत्रित करने के लिए लोगों में जागरूकता लाना जरूरी है. उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मी घर-घर जाकर परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे.

परिवार नियोजन की सभी सुविधाएं होंगी उपलब्ध

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान के दौरान योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन से जुड़ी स्थायी और अस्थायी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सिविल सर्जन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉपर-टी, गर्भनिरोधक इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां, महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी जैसी सेवाएं सभी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएं. उन्होंने सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में देरी और बच्चों के बीच उचित अंतर रखने के महत्व पर भी जोर दिया.

बंध्याकरण और नसबंदी पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि

जिला रोग प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ नंद विहारी शर्मा ने बताया कि महिला बंध्याकरण कराने वाली लाभार्थी को 2000 रुपये और पुरुष नसबंदी कराने वाले लाभार्थी को 3000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इच्छुक दंपतियों को परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ मिलेगा.

हर प्रखंड के लिए तय किया गया लक्ष्य

डीपीएम विनय रंजन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक परिवार नियोजन की जानकारी और सेवाएं पहुंचाना है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग आईसीडीएस, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, जीविका और टोला सेवकों के सहयोग से अभियान चला रहा है. जिला सामुदायिक उत्प्रेरक ने बताया कि प्रत्येक प्रखंड को कम से कम 80 महिला बंध्याकरण और 5 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया गया है. वहीं सदर अस्पताल अरवल को 45 महिला बंध्याकरण और 10 पुरुष नसबंदी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम में फैमिली प्लानिंग काउंसलर डॉ सुरेंद्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक शशांक शेखर सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. सभी ने जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक योग्य दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाएं पहुंचाने का संकल्प लिया.

जहानाबाद में शराब माफियाओं पर पुलिस एक्शन, 5 कुंतल जावा महुआ नष्ट, 34 लीटर देसी शराब बरामद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >