Bihar Bhumi: बिहार के इस जिले के CO को DM का अल्टीमेटम, लापरवाही बरतें तो नपेंगे

Bihar Bhumi: अरवल में भू-अर्जन से जुड़े लंबित मामलों को लेकर डीएम अमृषा बैंस ने रैयतों के साथ बैठक की. डीएम ने समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को जल्द भुगतान और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए.

Bihar Bhumi: बिहार के अरवल जिले में बेनीपुर उपवितरणी (छोटी नहर) की मरम्मत कार्य से जुड़े भू-अर्जन के लंबित मामलों के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. जिलाधिकारी अमृषा बैंस की अध्यक्षता में कुर्था प्रखंड के मानिकपुर और कोनी गांव के रैयतों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का मकसद भू-अर्जन से जुड़ी दिक्कतों को समझना और उनका जल्द समाधान निकालना था.

बैठक के दौरान डीएम अमृषा बैंस ने सबसे पहले रैयतों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं. रैयतों ने भू-अर्जन की लंबित राशि, कागजातों की कमी और प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर अपनी परेशानियां रखीं. जिलाधिकारी ने सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए.

डीएम ने अंचलाधिकारी को दिया निर्देश

डीएम ने कुर्था के अंचलाधिकारी (CO) को निर्देश दिया कि रैयतों की जमीन से जुड़े सभी जरूरी कागजात जल्द से जल्द तैयार और अपडेट किए जाएं. उन्होंने कहा कि अभिलेखों का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा हो, ताकि भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी आए और रैयतों को जल्द भुगतान मिल सके.

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि भू-अर्जन की तय चेकलिस्ट के अनुसार जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए मानिकपुर गांव में विशेष शिविर लगाया जाए. इससे रैयतों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और एक ही जगह सभी औपचारिकताएं पूरी हो सकेंगी.

भू-अर्जन से जुड़े सभी लंबित मामलों के जल्द निवारण का आदेश

डीएम अमृषा बैंस ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भू-अर्जन से जुड़े सभी लंबित मामलों का जल्द निवारण हो. उन्होंने साफ कहा कि इस प्रक्रिया में रैयतों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए.

इस बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विनोद कुमार, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी माला कुमारी, सोन उच्च नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: लालू के नाती भारत में नहीं इस देश में लेंगे मिलिट्री की ट्रेनिंग, जानिए दो साल में क्या-क्या सिखाया जाता है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >