Arwal News : निरंजनपुर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से शिक्षक पप्पू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया. फिलहाल परिजनों ने उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.
करंट लगने से शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलसा
परिजनों के अनुसार, करंट की चपेट में आने से पप्पू कुमार के शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलस गया है. उनकी हालत चिंताजनक बतायी जा रही है. निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और परिजन उनकी स्थिति को लेकर लगातार चिंतित हैं.
घर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन
बताया जाता है कि शिक्षक पप्पू कुमार के घर के समीप से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है. परिजनों का कहना है कि आबादी वाले इलाके में घरों के इतने करीब से हाईटेंशन तार गुजरने के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है.
हादसे के बाद बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश
घटना के बाद निरंजनपुर गांव के लोगों में बिजली विभाग के प्रति काफी नाराजगी है. ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को सुरक्षित स्थान पर ले जाने को लेकर विभाग ने अब तक गंभीर पहल नहीं की है.
ग्रामीणों ने की हाईटेंशन तार हटाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पप्पू कुमार के साथ हुई घटना को महज हादसा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यदि समय रहते हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर नहीं किया गया तो भविष्य में इससे बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द विद्युत लाइन को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है.
जहानाबाद में चोरी की संपत्ति रखने के आरोप में सुरेश प्रसाद गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही पूरा कनेक्शन
जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उठायेंगे आवाज
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो विभागीय अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा.
शिक्षक की हालत को लेकर गांव में चिंता
पप्पू कुमार के गंभीर रूप से घायल होने की खबर के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है. परिजन उनके इलाज को लेकर परेशान हैं, वहीं ग्रामीण और शुभचिंतक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.
