बीमारी. प्रखंड क्षेत्र के पिरहो गांव में डायरिया का प्रकोप
31 लोगों में डायरिया होने की विभाग ने की पुष्टि
करपी (अरवल ) : प्रखंड क्षेत्र के पिरहो गांव में डायरिया पीड़ित लोगों के बीच करपी स्वास्थ्य विभाग की टीम पिरहो पहुंचकर लोगों का इलाज शुरू कर दिया. बतादें कि ग्रामीणों द्वारा मंगलवार को जिला पदाधिकारी को इसकी सूचना दी गयी थी. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार की अहले सुबह पिरहो गांव पहुंचकर डायरिया पीड़ित लोगों का इलाज शुरू कर दिया. स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 31 लोगों में डायरिया होने की पुष्टि की गयी है, जिसमें दो महिलाओं मालती देवी एवं फुलमती देवी को विशेष चिकित्सा के लिए करपी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है.
स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पहुंचे डाॅ चंदन कुमार एवं डाॅ कमल देव राम ने बताया कि स्थिति अभी सामान्य है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर हम लोगों को शिविर लगाकर इन लोगों का इलाज करना है. वह जदयू के जिला अध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने पिरहो में पहुंचकर डायरिया से पीड़ित लोगों से मिलकर हाल-चाल जाना एवं कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वप्रथम पिरहो गांव पहुंचकर डीडीटी का छिड़काव किया.
स्वास्थ्य विभाग की टीम में एएनएम हेमंती कुमारी समेत कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित थे. वहीं पिरहो गांव में मौजूद बसपा के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग टीम देर से पहुंची है, जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम पर लोगों का आक्रोश व्याप्त था. परंतु इन स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अब चिकित्सा व्यवस्था करायी जा रही है. उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व डायरिया के प्रभाव से सुरेंद्र राजवंशी की छह वर्षीया पुत्री कंचन कुमारी की मौत हो गयी है. बहरहाल पिरहो गांव में डायरिया को लेकर हड़कंप मचा हुआ है.
डायरिया पीड़ित लोगों से मिले जदयू जिलाध्यक्ष
जदयू जिलाध्यक्ष जितेंद्र पटेल बुधवार को पिरहो गांव में जाकर डायरिया पीड़ितों का हालचाल जाना. जिलाध्यक्ष ने बताया कि लगभग दो दर्जन लोग डायरिया से पीड़ित हुए थे, लेकिन अब कुछ को छोड़ अन्य की स्थिति सामान्य है. गांव में मेडिकल की टीम कैंप कर रही है. दवा का छिड़काव भी स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा किया गया है. जब तक सभी लोग पूरी तरह से स्वस्थ्य नहीं हो जाते तब तक मेडिकल टीम इस गांव में कैंप करेगी. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारियों से भी हमने बात कर गांव में कैंप करने का आग्रह किया है .
