अधिकारियों की नाक के नीचे हो रही हरे वृक्षों की कटाई

करपी (अरवल) : आज विश्व पर्यावरण दिवस है. पर्यावरण आज मनुष्य की सर्वाधिक जरूरतों में एक है. वैसे तो पर्यावरण में प्रदूषण कई कारणों से हो रहा है, लेकिन इनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण कारण वृक्षों की धड़ल्ले से हो रही कटाई है. करपी एवं वंशी प्रखंडों में जिस तेजी के साथ हरे वृक्षों की कटाई हो […]

करपी (अरवल) : आज विश्व पर्यावरण दिवस है. पर्यावरण आज मनुष्य की सर्वाधिक जरूरतों में एक है. वैसे तो पर्यावरण में प्रदूषण कई कारणों से हो रहा है, लेकिन इनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण कारण वृक्षों की धड़ल्ले से हो रही कटाई है. करपी एवं वंशी प्रखंडों में जिस तेजी के साथ हरे वृक्षों की कटाई हो रही है उस पर अतिशीघ्र लगाम नहीं लगायी गयी,

तो वह दिन दूर नहीं होगा जब इस क्षेत्र में वृक्ष देखने को भी नहीं मिलेंगे. समाजसेवी पुण्य देव सिंह ने बताया कि शहर तेलपा, करपी, खजूरी, देवकुंड आदि कई गांवों में हरे वृक्षों की भरमार थी, लेकिन इनकी तेजी से कटाई हुई. उसके बाद उनके स्थान पर नये पौधे नहीं लगाये गये. पौधारोपण के नाम पर खानापूरी की गयी. पौधे लगाये गये और कुछ ही दिन के बाद सूख भी गये. और-तो-और प्रखंड कार्यालय परिसर से काफी संख्या में हरे वृक्षों की कटाई अधिकारियों की नाक के नीचे कर दी गयी,

लेकिन किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गयी. हाल ही में एक मामला दृष्टिगोचर हुआ था जब एक साथ दिन के उजाले में प्रखंड कार्यालय परिसर से पांच हरे वृक्षों की कटाई कर दी गयी. इसमें दोषी पकड़े नहीं जा सके हैं. इसके अतिरिक्त करपी एवं वंशी प्रखंडों में दर्जनों अवैध आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है. शहर तेलपा-करपी पथ में सड़क के किनारे कई अवैध आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त करपी थाना मुख्यालय के पीछे एवं करपी-वंशी मुख्य पथ के किनारे भी कई आरा मशीन संचालित है. रामापुर, करपी, इमामगंज शांतिपुरम बाजारों में सड़क के किनारे ही बेखौफ होकर अवैध आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है. इन अवैध आरा मशीनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए किसी प्रकार के प्रयास नहीं किया जा रहे हैं.

अरवल (ग्रामीण).विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर अनुमंडल कार्यालय तथा व्यवहार न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया गया. इस मौके पर डीएम आलोक रंजन घोष, सीजेएम अशोक राज, एसीजेएम अरुण कुमार एवं सभी न्यायिक पदाधिकारी के अलावा अन्य पदाधिकारियों द्वारा एक-एक पौधा लगा कर पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया. इस मौके पर डीएम ने कहा कि पर्यावरण को स्थिर रखने में वृक्षों की काफी भूमिका है. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए. जिस तरह लोग अपने बच्चों की सुरक्षा करते हैं, उसी तरह लोग अपने लगाये पौधे की सुरक्षा करें. इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी रामबाबू, वन क्षेत्र पदाधिकारी सुरेश कुमार पाठक, जिला उद्यान पदाधिकारी एम वाजिद, सब जज संजीव कुमार, मुंसिफ राकेश कुमार राकेश, एसडीजेएम माघवेंद्र कुमार के अलावा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार, डीपीआरओ सत्येंद्र प्रसाद के अलावा अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >