भोजपुर जिले में शादी-विवाह एवं अन्य पार्टियों में हथियार लहराना एक ट्रेंड बन चुका है और आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं.
ताजा मामला जिले के पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव का है, जहां गुरुवार की रात बर्थडे पार्टी में अवैध हथियार लहरा रहे एक बदमाश को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.
गिरफ्तार युवक की पहचान पवना थाना क्षेत्र के पवना गांव निवासी विजय राम के पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस नोट जारी कर दी जानकारी
इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राज ने प्रेस नोट जारी कर दी. उन्होंने बताया कि पवना थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के पवना गांव निवासी छठु राम की नातिन आराध्या कुमारी की बर्थडे पार्टी मनाई जा रही है, जिसमें छठु राम का भतीजा अवैध हथियार लहरा रहा है और वहां मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा है.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
सूचना के सत्यापन के उपरांत थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
घटना के संबंध में पवना थाने में आरोपी पप्पू कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय
