Veer Kunwar Singh University Sports Calendar: वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर जारी कर दिया है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी पत्र में स्नातकोत्तर विभागों तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध एवं अंगीभूत महाविद्यालयों को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में टीम भेजने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी विभागों और महाविद्यालयों के लिए प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य किया गया है.
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष ओपी राय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार संस्थान अपने स्तर से छात्र-छात्राओं का चयन कर प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए टीम भेजेंगे. खिलाड़ियों को संबंधित खेल के नियमों के अनुसार निर्धारित किट, पोशाक एवं अन्य आवश्यक सामग्री में ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेना होगा. संस्थानों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनकी ओर से कोई असंबद्ध अथवा अनधिकृत खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो.
10 दिनों में स्पोर्ट फंड जमा करने का निर्देश
निर्देश में सभी स्नातकोत्तर विभागों एवं महाविद्यालयों को सत्र 2025-26 के विश्वविद्यालय स्पोर्ट फंड एवं एकलव्य फंड की राशि 10 दिनों के अंदर विश्वविद्यालय में जमा करने को कहा गया है.
17 खेलों का जारी हुआ कैलेंडर
विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026-27 में कुल 17 खेल एवं प्रतियोगिताएं शामिल हैं. इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, चेस, कुश्ती, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट, कबड्डी, टेबल टेनिस, खो-खो, वुशु, हैंडबॉल और वेटलिफ्टिंग आदि शामिल हैं.
कैलेंडर के अनुसार कई प्रतियोगिताओं की मेजबानी विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स बोर्ड के अलावा विभिन्न महाविद्यालयों को सौंपी गयी है. अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के नाम भी कैलेंडर में निर्धारित किये गये हैं.
महाराजा कॉलेज को एथलेटिक्स की मेजबानी
एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी महाराजा कॉलेज को, जबकि तीरंदाजी की जिम्मेदारी जगजीवन कॉलेज, आरा को दी गयी है. चेस, कुश्ती, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी सहित कई प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड के स्तर पर आयोजित होंगी.
अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए टीम होगी तैयार
विश्वविद्यालय की ओर से जारी खेल कैलेंडर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विभिन्न खेलों में भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराने के साथ विश्वविद्यालय की टीमों को अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है.
