आरा : वीर कुंवर सिंह पार्क का बदलेगा लुक, सेल्फी प्वाइंट से म्यूजिकल फाउंटेन तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Veer Kunwar Singh Park : भोजपुर के वीर कुंवर सिंह पार्क का भव्य जीर्णोद्धार पूरा हो गया है. अब यह पार्क आधुनिक सुविधाओं जैसे योगशाला, ओपन जिम, संगीतमय फाउंटेन और फ्लोटिंग गार्डन से सुसज्जित है. यह मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिए एक आदर्श स्थल बनेगा.

Veer Kunwar Singh Park : भोजपुर की ऐतिहासिक धरोहर एवं स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह के नाम पर स्थापित वीर कुंवर सिंह पार्क का व्यापक जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है. आधुनिक सुविधाओं और प्राकृतिक सौंदर्य से सुसज्जित यह पार्क अब जिलेवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बनने जा रहा है.

पार्क का पुनर्विकास इस उद्देश्य से किया गया है कि लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके.

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है पार्क

पार्क के पुनर्विकास के तहत यहां अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, योगशाला, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, कैफेटेरिया, शीतल पेयजल सुविधा, ओपन जिम, फ्लोटिंग गार्डन, बच्चों के लिए आधुनिक प्ले जोन, एक्वेरियम, संगीतमय फाउंटेन तथा बोटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं.

इसके अलावा पार्क में उच्च गुणवत्ता वाली प्रकाश व्यवस्था और आरामदायक बैठने की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे दिन और रात दोनों समय आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके.

पार्क के प्रवेश द्वार, पाथवे एवं अन्य संरचनाओं के निर्माण में जयपुर से मंगाए गए उच्च गुणवत्ता वाले प्राकृतिक पत्थरों का उपयोग किया गया है, जिससे पार्क की भव्यता और आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.

वहीं, व्यापक स्तर पर हरित क्षेत्र का विकास, आकर्षक लैंडस्केपिंग, स्वच्छता व्यवस्था, मजबूत पथों का निर्माण तथा अन्य आधारभूत नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है.

मनोरंजन और स्वास्थ्य के लिए बनेगा आदर्श स्थल

प्रशासन का मानना है कि नए स्वरूप में तैयार यह पार्क बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन, स्वास्थ्य, योग, मॉर्निंग एवं इवनिंग वॉक तथा परिवार के साथ समय बिताने का आदर्श सार्वजनिक स्थल बनेगा.

इसके साथ ही यह भोजपुर की नई पहचान के रूप में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा.

सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से पार्क की स्वच्छता, हरित वातावरण एवं सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की है.

प्रशासन ने कहा है कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस ऐतिहासिक धरोहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखा जाए.

नवाचार, प्रकृति और विरासत के अद्भुत संगम के रूप में विकसित वीर कुंवर सिंह पार्क अब भोजपुर की नई पहचान बनने के साथ-साथ जन-जन के आकर्षण का केंद्र बनने के लिए पूरी तरह तैयार है.

Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >