आरा में वीर कुंवर सिंह मैदान का गेट तोड़ा गया, अंदर घुस रहे जानवर, 12 करोड़ से बने सौंदर्यीकरण पर संकट

आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में असामाजिक तत्वों ने गेट तोड़ दिया, जिससे आवारा जानवर अंदर घुस रहे हैं। करोड़ों के सौंदर्यीकरण पर खतरा मंडरा रहा है और स्थानीय लोग प्रशासन की उदासीनता से नाराज हैं।

Arrah VKSU News : आरा शहर के चर्चित वीर कुंवर सिंह मैदान में असामाजिक तत्वों की हरकत ने पूरे इलाके में नाराजगी पैदा कर दी है. मैदान के एक गेट का लोहा तोड़ दिए जाने के बाद अब वहां खुलेआम जानवरों की आवाजाही शुरू हो गई है. इससे हाल ही में किए गए करोड़ों रुपये के सौंदर्यीकरण पर सीधा असर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित एजेंसियां इस मामले में पूरी तरह उदासीन बनी हुई हैं.

जानकारी के अनुसार हरि जी के हाता की ओर स्थित गेट को तीन दिन पहले क्षतिग्रस्त किया गया. इसके बाद से मैदान की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कमजोर पड़ गई है और बड़ी संख्या में पशु अंदर प्रवेश कर रहे हैं. इससे मैदान में लगी घास, पौधे और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे इसकी सुंदरता बिगड़ती जा रही है.

Arrah News : पशुओं को रोकने के लिए बनाई गई थी खास व्यवस्था

मैदान के सौंदर्यीकरण के दौरान चारों तरफ विशेष डिजाइन वाले गेट लगाए गए थे. इन गेटों को इस तरह बनाया गया था कि लोग आसानी से आ-जा सकें, लेकिन पशु अंदर प्रवेश न कर सकें. इस व्यवस्था का उद्देश्य मैदान को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाए रखना था.

लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों को यह व्यवस्था रास नहीं आ रही थी, क्योंकि इससे वे पशुओं को मैदान में नहीं ला पा रहे थे. इसी कारण गेट को निशाना बनाकर तोड़ दिया गया, जिससे अब स्थिति फिर से पुराने हालात की ओर लौटती नजर आ रही है.

Arrah Municipal Negligence : सौंदर्यीकरण पर पड़ रहा सीधा असर

गेट टूटने के बाद मैदान में जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है. पशु घास चर रहे हैं और कई जगहों पर गंदगी फैला रहे हैं. इससे न सिर्फ मैदान की सुंदरता खराब हो रही है, बल्कि यहां आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण यह स्थिति और बिगड़ सकती है. अगर समय रहते गेट की मरम्मत और सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो पूरा सौंदर्यीकरण बेकार हो सकता है.

विकास कार्य पर उठने लगे सवाल

वीर कुंवर सिंह मैदान का सौंदर्यीकरण पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह की पहल पर किया गया था. इस प्रोजेक्ट के तहत मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना थी. यहां रनिंग ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के खेलने की जगह, बैठने के लिए बेंच, शौचालय, पेयजल और लाइटिंग जैसी कई सुविधाएं विकसित की गई हैं.

मैदान को पांच जोन में बांटकर अलग-अलग सुविधाएं देने की योजना बनाई गई थी. लेकिन अब गेट टूटने और मेंटेनेंस के अभाव में यह पूरा प्रोजेक्ट सवालों के घेरे में आ गया है.

मेंटेनेंस पर भी उठे सवाल

इस सौंदर्यीकरण कार्य के लिए एनटीपीसी द्वारा ठेकेदार के साथ तीन साल तक मेंटेनेंस का करार किया गया था. बावजूद इसके, पिछले छह महीनों से मैदान की देखभाल ठीक से नहीं की जा रही है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

मैदान में 6 फ्लड लाइट और करीब 120 डेकोरेटिव पाथवे लाइट लगाई गई हैं, जिससे रात में भी यह इलाका जगमगाता रहता है. लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से इन सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि गेट की जल्द मरम्मत कराई जाए और मैदान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. लोगों का कहना है कि अगर इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो करोड़ों रुपये खर्च कर बनाया गया यह मैदान अपनी पहचान खो सकता है.

फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मैदान की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Narendra Prasad Sin

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >