Bike Accident: जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर एवं सहजौली गांव के बीच रविवार की शाम अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका दोस्त जख्मी हो गया. गंभीर रूप से जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया. वहीं दूसरे जख्मी का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है.
दवा लेने शाहपुर बाजार आये थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार मृतक करनामेपुर थाना क्षेत्र के मानसिंहपुर ईश्वरपुरा गांव निवासी रामरतन राम का 36 वर्षीय पुत्र गोवर्धन राम था. वह पेशे से मजदूर था. वहीं जख्मी उसी गांव निवासी खूबलाल राम का 28 वर्षीय पुत्र धनंजय राम है. दोनों दोस्त बताये जा रहे हैं.
मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र राम ने बताया कि गोवर्धन राम को पाइल्स की बीमारी थी. इसी को लेकर वह अपने दोस्त धनंजय राम के साथ बाइक से दवा लेने शाहपुर बाजार आया था. दवा लेने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे. इसी दौरान शाहपुर एवं सहजौली गांव के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
अस्पताल पहुंचने से पहले गोवर्धन ने तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक ने गोवर्धन राम को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. वहीं जख्मी धनंजय राम का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.
पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बताया जाता है कि मृतक गोवर्धन राम के परिवार में पत्नी जानकी देवी, दो पुत्र अंकित और अविनाश तथा एक पुत्री डिंपल हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी जानकी देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
