Pradhan Mantri Awas Yojana: 80वां स्वतंत्रता दिवस वैसे गरीब और कमजोर लोगों के लिए खास रहा, जिनके पास अपना आशियाना बनाने के लिए जमीन नहीं थी. बार-बार प्रयास के बावजूद वे प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार सरकार की ओर से ऐसे गरीब और वंचित परिवारों को जमीन का बासगीत पर्चा दिया गया.
68 गरीब और वंचित लोगों को मिला जमीन का पर्चा
प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में संदेश विधायक राधा चरण साह के हाथों गरीबों और वंचितों के बीच जमीन का पर्चा वितरित किया गया. पर्चा मिलते ही लाभुकों के चेहरे खिल उठे. अब इन परिवारों के पास अपना जमीन का अधिकार होगा, जहां वे अपना आशियाना बना सकेंगे.
गरीबों के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध
संदेश विधायक राधा चरण साह ने कहा कि बिहार सरकार सेवा, संकल्प और समर्पण के साथ गरीब और कमजोर लोगों के उत्थान के लिए काम कर रही है. सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के सबसे निचले पायदान तक पहुंचे और जरूरतमंद लोगों को उनका अधिकार मिले.
विभिन्न हलकों के लाभुकों को मिला पर्चा
अंचलाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि अंचल क्षेत्र के विभिन्न हलकों के 68 गरीब और वंचित लोगों के बीच 3 डी जमीन का पर्चा बांटा गया. उन्होंने कहा कि अब इन लाभुकों के पास अपनी जमीन होगी, जहां वे अपना घर बनाकर रह सकेंगे. सबसे अधिक जमीन का पर्चा बेलाउर पंचायत के लाभुकों के बीच वितरित किया गया.
जमीन मिलने से खुश दिखीं लाभुक
खलिसा की सरस्वती देवी और बेलाउर की सुभागो देवी जमीन का पर्चा मिलने से काफी खुश थीं. उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने उन्हें बड़ा तोहफा दिया है. लंबे समय से अपने घर के लिए जमीन की उम्मीद लगाए बैठे परिवारों के लिए पर्चा मिलना बड़ी राहत है.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीओ अनुराधा, पंचायत समिति सदस्य कमलेश सिंह, विनय सिंह, दरोगा जी, मुन्ना पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
