Arrah Electrocution death: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव में बुधवार सुबह सड़क पर गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मिठाई दुकानदार समेत दो लोगों की मौत हो गई. दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
टहलने के दौरान करंट की चपेट में आए
मृतकों की पहचान चांदी गांव के वार्ड संख्या-10 निवासी स्व. मंगरु साह के 56 वर्षीय पुत्र महेंद्र साह तथा राजेंद्र साह के 30 वर्षीय पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है. महेंद्र साह चांदी बाजार में मिठाई की दुकान चलाते थे, जबकि संजय कुमार उसी दुकान पर काम करता था.
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह महेंद्र साह अपने चचेरे भाई के साथ चांदी-कुल्हड़िया रोड पर टहलने निकले थे. इसी दौरान बंदरों के कारण टूटा बिजली का तार सड़क पर गिरा हुआ था. महेंद्र साह अनजाने में विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए.
बचाने पहुंचे भतीजे की भी चली गई जान
महेंद्र साह को करंट लगते देख उनका भतीजा संजय कुमार उन्हें बचाने के लिए दौड़ा. वह भी करंट की चपेट में आ गया. दोनों गंभीर रूप से झुलस गए. परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
महेंद्र साह अपने पीछे पत्नी सुभांति देवी, पुत्र अमित कुमार और रवि कुमार को छोड़ गए हैं. वहीं संजय कुमार अपने चार बहनों ज्योति, उषा, पुष्पा और रेखा तथा बड़े भाई राजेश कुमार के परिवार का हिस्सा थे. उनकी मां पार्वती देवी का पहले ही निधन हो चुका है. एक साथ चाचा-भतीजे की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
