भोजपुर में करंट की चपेट में आने से महिला समेत दो की मौत, युवक को बचाने गई थी बसंती देवी

भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे से खेत में फैले करंट की चपेट में आने से अधेड़ महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. एक युवक को बचाने गई महिला की भी जान चली गई, जिससे इलाके में मातम पसर गया है.

भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मुंगौल बरदपरवा गांव में गुरुवार की सुबह करंट की चपेट में आने से अधेड़ महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई. घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

जानकारी के अनुसार मृतकों में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मुंगौल बरदपरवा गांव निवासी स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह की 46 वर्षीया पत्नी बसंती देवी एवं उसी गांव निवासी हरवंश यादव का 23 वर्षीय पुत्र शाहुल कुमार शामिल है.

बिजली के खंभे से खेत के पानी में उतरा था करंट

मृतकों के परिजन उपेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह शाहुल कुमार खेत में बिचड़ा डालने गया था. खेत में बिजली का खंभा गड़ा है और चारों तरफ पानी भरा हुआ था. बिजली के खंभे में हाई टेंशन विद्युत प्रवाहित तार के कारण करंट पानी में आ रहा था, जिसके कारण वह करंट की चपेट में आ गया और छटपटाने लगा.

तभी खेत में रोपनी करने जा रही बसंती देवी उसे बचाने चली गईं. इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

तभी वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना परिजनों को दी गई. सूचना पाकर परिजन एवं स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इसके पश्चात पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया.

परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतकों के परिजन उपेंद्र कुमार ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने के कारण दोनों लोगों की मौत होने का आरोप लगाया है.

बताया जाता है कि मृतका बसंती देवी का एक पुत्र अंकित कुमार एवं एक पुत्री लखा कुमारी है. जबकि मृतक शाहुल कुमार अपने तीन भाइयों व एक बहन में दूसरे स्थान पर था.

23 अप्रैल को हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम

शाहुल कुमार की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में हुई थी. 21 अप्रैल को तिलक एवं 23 अप्रैल को बारात गई थी. घर में लोग उसकी नई शादी की खुशियां मना रहे थे. उसकी पत्नी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी कि उसकी मांग का सिंदूर उजड़ गया.

उसके परिवार में मां राजकुमारी देवी, पत्नी पूजा देवी, दो भाई राहुल कुमार, मंटू कुमार एवं एक बहन पूजा कुमारी है. घटना के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : चतरा गार्ड हत्याकांड : JDU विधायक के बेटे रॉकी यादव और सरकारी गार्ड हिरासत में, मां के सरकारी बॉडीगार्ड को लेकर घूमने का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >