श्रम अधीक्षक के निर्देश पर श्रम विभाग की धावा दल ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान सकड्डी बाजार स्थित चाय दुकान, होटल समेत अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान दो बाल श्रमिकों को काम करते हुए पाया गया. धावा दल ने दोनों बाल श्रमिकों को तत्काल मुक्त कराकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए सुपुर्द कर दिया.
प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों की भी हुई जांच
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुगीता कुमारी, राजेश कुमार राय समेत गुड़िया कुमारी शामिल थीं. टीम ने प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की. बाल श्रमिक मिलने के बाद संबंधित नियोजकों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गयी है.
दो प्रतिष्ठानों से मुक्त कराये गये बाल श्रमिक
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुगीता कुमारी ने बताया कि सकड्डी स्थित मुसाफिर चाय दुकान के संचालक अजय राय और चंपारण मीट हाउस के संचालक राजेश कुमार के प्रतिष्ठान से बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया है. दोनों नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रम से संबंधित विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है.
दुकानदारों में मचा हड़कंप
श्रम विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मचा रहा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम कराना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
