भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के नया खवासपुर गांव में शनिवार की शाम करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
मृत किशोर की पहचान कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के नया खवासपुर गांव निवासी खदेरन चौधरी के 16 वर्षीय पुत्र भोला चौधरी के रूप में हुई है.
शौच के लिए जाने के दौरान बिजली के पोल से लगा करंट
युवा नेता रघुपति यादव ने बताया कि वह शनिवार की शाम अपने घर से बाहर शौच करने के लिए जा रहा था. रास्ते में स्थित बिजली के खंभे में करंट आ रहा था.
जाने के क्रम में वह अनजाने में उसी बिजली के खंभे से सट गया, जिससे करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गया.
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आए. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था मृतक भोला चौधरी
बताया जाता है कि मृत किशोर अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था. उसके परिवार में मां शीला देवी, दो बहनें निक्की व निधि एवं एक छोटा भाई सन्नी हैं.
Also Read : भोजपुर : स्कॉर्पियो में खेल-खेल में घुसा 5 साल का मासूम, अंदर से लॉक हुई गाड़ी; दम घुटने से मौत
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में शोक का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद मृत किशोर के घर में कोहराम मच गया है. उसकी मां शीला देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
