Arrah News : भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी अंतर्गत मसाढ़ गांव में शुक्रवार की देर शाम घर से सामान खरीदने निकले छात्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई. उसका शव गांव के दलित टोला से शुक्रवार की देर शाम बरामद हुआ. मृतक के गर्दन के बाएं, दाएं, पीछे भाग पर एवं सर पर कटा हुआ निशान पाया गया. परिजनों द्वारा गला रेतकर हत्या कर शव को फेंके जाने का आरोप लगाया जा रहा है.
इस सनसनीखेज घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-वन राजकुमार साह एवं गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल कुमार महथा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए. जिसके पश्चात पुलिस ने शव का अंत्य परीक्षण (पोस्टमार्टम) सदर अस्पताल में करवाया. जानकारी के अनुसार मृतक मसाढ़ गांव निवासी स्व. मिथिलेश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार सिंह है, जो इंटर का छात्र था.
साजिश के तहत वारदात
मृतक के बड़े भाई प्रिंस राज ने बताया कि प्रीतम शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार निकला था. इसी बीच करीब साढ़े सात बजे उसके चाचा विमलेश कुमार के मोबाइल पर ग्रामीणों द्वारा कॉल कर खेत या सुनसान जगह पर शव पड़े होने की सूचना दी गई. सूचना पाकर परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे.
दूसरी तरफ मृतक के बड़े भाई प्रिंस राज ने अपने छोटे भाई प्रीतम कुमार सिंह की एक सोची-समझी साजिश के तहत अज्ञात लोगों द्वारा गला रेतकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं इस संबंध में गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल महथा ने बताया कि घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है. इसके साथ ही एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं.
परिवार में कोहराम
ओपी इंचार्ज ने बताया कि परिजनों द्वारा घटना का मुख्य कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अपने स्तर से विभिन्न बिंदुओं पर मामले की गहन जांच कर रही है. बताया जाता है कि मृतक प्रीतम अपने तीन बहन व दो भाइयों में सबसे छोटा था.
वर्ष 2014 में उसके पिता मिथिलेश सिंह एवं वर्ष 2017 में उसकी मां सुनीता देवी की एक सड़क हादसे में असमय मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह अपने चाचा-चाची के साथ ही रहता था. इस घटना के बाद मृतक के घर में पूरी तरह कोहराम मच गया है और उसके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
