सावन मास के अंतिम सोमवारी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को पुख्ता रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने आरा नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण किया.
बुढ़वा महादेव और आरण्य देवी मंदिर का जायजा
इस निरीक्षण के दौरान एसपी ने शहर के महादेवा रोड स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर तथा आरण्य देवी मंदिर समेत अन्य विभिन्न मंदिरों का दौरा कर वहां की मौजूदा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की, तथा मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक और कड़े दिशा-निर्देश दिए.
Also Read : बिहार से चलेगी खास धार्मिक ट्रेन, 5 ज्योतिर्लिंग और शिरडी के होंगे दर्शन; जानें कितना होगा किराया
प्रशासन की मुस्तैदी और श्रद्धालुओं की भारी भीड़
एसपी ने कहा कि सावन मास की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए विधि-व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है.
प्रमुख मंदिरों में उमड़ते हैं भक्त
गौरतलब है कि सावन की अंतिम सोमवारी को शहर के महादेवा रोड स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर और बिंद टोली स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं.
