भोजपुर में नई दुकान की ओपनिंग की तैयारी के दौरान करंट लगने से दुकानदार और हेल्पर की मौत

कोईलवर के चांदी बाजार में नई दुकान की सफाई के दौरान करंट लगने से दुकानदार और उनके हेल्पर की मौत हो गई। इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है।

Bhojpur News : बिहार के भोजपुर जिले के कोईलवर स्थित चांदी बाजार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. नई मिठाई की दुकान शुरू करने की तैयारी के दौरान करंट लगने से दुकानदार और उन्हें बचाने पहुंचे हेल्पर की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे बाजार में शोक का माहौल है.

नई शुरुआत से पहले छा गया मातम चांदी बाजार निवासी महेंद्र साह वर्षों से मिठाई की दुकान चला रहे थे और नए भवन में कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे थे. बुधवार सुबह दुकान की साफ-सफाई के दौरान अचानक वे करंट की चपेट में आ गए. उन्हें तड़पता देख हेल्पर संजय कुमार बिना देर किए बचाने दौड़े, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गए. दोनों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बाजार की रौनक पलभर में सन्नाटे में बदली घटना की खबर फैलते ही चांदी बाजार में अफरा-तफरी मच गई. जिस दुकान पर नई शुरुआत की तैयारियां चल रही थीं, वहां चीख-पुकार और परिजनों की सिसकियां गूंजने लगीं. कई दुकानदारों ने शोक में अपने प्रतिष्ठान आधे बंद कर दिए. पूरे बाजार में हादसे की ही चर्चा होती रही.

दो परिवारों का सहारा छिन गया मृतकों की पहचान वार्ड संख्या-10 निवासी 56 वर्षीय महेंद्र साह और 30 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है. महेंद्र साह अपने पीछे पत्नी सुभांति देवी और दो पुत्र अमित कुमार व रवि कुमार को छोड़ गए हैं. वहीं संजय कुमार के परिवार में भाई राजेश कुमार और चार बहनें ज्योति, उषा, पुष्पा व रेखा हैं. उनकी मां पार्वती देवी का पहले ही निधन हो चुका है. घर के कमाऊ सदस्य की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस जांच में जुटी चांदी थानाध्यक्ष राकेश कुमार रौशन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में साफ-सफाई के दौरान करंट लगने से हादसा होने की बात सामने आई है. पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. मामले की जांच जारी है.

पूरे इलाके में शोक की लहर एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से चांदी बाजार सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर है. नई दुकान में कारोबार शुरू होने से पहले ही दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं. इस दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak kumar gupt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >