Flood Relief: जवैनिया गांव के विस्थापितों के बीच कांग्रेस की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया. जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी के नेतृत्व में जवैनिया-दामोदरपुर बांध पर आश्रय लिये लोगों के बीच राहत सामग्री बांटी गयी. राहत किट में चावल, आटा, दाल एवं चीनी दिया गया. वहीं पुरुषों के बीच कपड़े और छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल बैग, लोअर एवं टी-शर्ट वितरित किये गये.
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया उदासीनता का आरोप
राहत सामग्री वितरण के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि बाढ़ के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और राहत एवं सहायता की जरूरत है.
बाढ़ की विभीषिका में कांग्रेस लोगों के साथ : जिलाध्यक्ष
जिलाध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी ने कहा कि बाढ़ की भीषण विभीषिका में आम जनमानस अपने जान-माल के नुकसान को लेकर परेशान है. उन्होंने भाजपा और जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लाखों दीये जलाये जा रहे हैं. कांग्रेस पार्टी इस मुसीबत की घड़ी में पूरी ताकत और मजबूती के साथ इन लोगों के साथ खड़ी है.
विधायक की उदासीनता पर आक्रोश का दावा
मीडिया प्रभारी वीरेंद्र मिश्रा ने कहा कि स्थानीय विधायक की उदासीनता को लेकर लोगों में आक्रोश है. उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सिपाही के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ितों के बीच उनका दुख साझा करने पहुंचे हैं और जो भी संभव हो रहा है, जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में लोगों के बीच उपलब्ध कराया जा रहा है.
दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
राहत सामग्री वितरण में बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के कुमार रोहित, मीडिया प्रभारी वीरेंद्र मिश्रा, नागेंद्र मिश्रा, युवा जिलाध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव आनंद तिवारी, युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष साकेत तिवारी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
