बबुरा थाने में RAF का विशेष अभ्यास, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई का किया प्रदर्शन

बबुरा थाने में RAF की चार्ली टीम ने आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया और संकट प्रबंधन का विशेष अभ्यास किया. जानें कैसे होती है तुरंत कार्रवाई.

RAF Charlie Team: किसी भी आकस्मिक या गंभीर स्थिति में सूचना मिलते ही चंद मिनटों के भीतर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की तैयारियों को परखने के लिए सोमवार को बबुरा थाना परिसर में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की 114वीं बटालियन की चार्ली टीम ने विशेष त्वरित प्रतिक्रिया एवं संकट प्रबंधन अभ्यास किया. करीब आधे घंटे चले इस अभ्यास में बबुरा थानाध्यक्ष संजय कुमार समेत थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए.

आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई का किया गया प्रदर्शन

अभ्यास के दौरान आपात स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया से लेकर घटनास्थल पर पहुंचने, स्थिति का आकलन करने और तत्काल नियंत्रण स्थापित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया. जवानों को कम समय में आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने तथा परिस्थिति के अनुसार तत्काल निर्णय लेने का अभ्यास कराया गया. इस दौरान पुलिस बल की तत्परता, आपसी समन्वय और संकट की स्थिति में कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं को परखा गया.

RAF अधिकारियों ने दी आपात स्थिति से निपटने की जानकारी

रैपिड एक्शन फोर्स की उप कमांडेंट तूलिका सिन्हा और सहायक कमांडेंट योगेश्वर कुमार ने पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी. उप कमांडेंट तूलिका सिन्हा ने बताया कि इस तरह के त्वरित प्रतिक्रिया एवं संकट प्रबंधन अभ्यास अलग-अलग स्थानों पर समय-समय पर आयोजित किये जाते हैं. इसका उद्देश्य किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में रैपिड एक्शन फोर्स को तेजी से और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रखना है.

उन्होंने बबुरा थानाध्यक्ष से गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही रैपिड एक्शन फोर्स को तत्काल सूचित करने का आग्रह किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर टीम को शीघ्र मौके पर भेजा जा सके.

त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय पर जोर

सहायक कमांडेंट योगेश्वर कुमार ने आपात परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों, त्वरित निर्णय लेने और पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी. उन्होंने विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाये रखते हुए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया.

अभ्यास से समन्वय बेहतर होने की उम्मीद

अभ्यास के समापन पर बबुरा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने रैपिड एक्शन फोर्स की टीम का आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से पुलिस प्रशासन और रैपिड एक्शन फोर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी. साथ ही किसी आकस्मिक या गंभीर स्थिति में जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की क्षमता भी मजबूत होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >