Night Volleyball Tournament: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर चरपोखरी प्रखंड मुख्यालय स्थित लक्ष्मी राइस एग्रो के इनडोर वॉलीबॉल कोर्ट में आयोजित नाइट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शानदार समापन हो गया. खेल प्रेमियों के उत्साह और शोर के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में पियनिया की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए धारोपुर को 2-0 से शिकस्त देकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
16 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में भोजपुर, बक्सर, रोहतास और अरवल सहित आसपास के इलाकों की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया.
संयुक्त रूप से किया गया टूर्नामेंट का उद्घाटन
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन सियाडीह के मुखिया लालमुक्ति पासवान, व्यापार मंडल चरपोखरी सह पैक्स अध्यक्ष हरिनारायण सिंह और समाजसेवी अजीत सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया.
फाइनल में पियनिया ने बनाया दबाव
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही पियनिया की टीम ने धारोपुर पर दबाव बनाए रखा. पियनिया के खिलाड़ियों ने शानदार स्मैश और मजबूत डिफेंस के दम पर दोनों सेटों में बढ़त बनाए रखी. लगातार दो सेट 2-0 से जीतकर पियनिया ने धारोपुर को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
खेल प्रेमियों और किशोर क्लब का रहा सहयोग
टूर्नामेंट को सफल बनाने में स्थानीय खेल प्रेमियों और किशोर क्लब चरपोखरी के सदस्यों की मुख्य भूमिका रही. आयोजन के दौरान दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग मुकाबले का आनंद लेने पहुंचे.
इस अवसर पर युवा नेता आकाश सिंह, सर्वजीत सिंह, पत्रकार कृष्ण कुमार, प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
