भोजपुर : टीबी उन्मूलन अभियान को बढ़ावा, 150 मरीजों के बीच बांटे गए फूड बास्केट

भोजपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को गति मिली है. 'बिहार डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड' ने 'निक्षय मित्र' बनकर 150 टीबी मरीजों को गोद लिया है. इन मरीजों को पौष्टिक फूड बास्केट बांटे गए, जिससे उनके स्वास्थ्य लाभ में मदद मिलेगी.

भोजपुर डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार एवं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अरुण प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति में समाहरणालय परिसर में टीबी मरीजों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में 'बिहार डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड', गड़हनी (भोजपुर) द्वारा 'निक्षय मित्र' के रूप में अपनी सामाजिक सहभागिता निभाते हुए जिले के 150 टीबी मरीजों को गोद लिया गया. इस दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में सभी 150 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक फूड बास्केट का वितरण किया गया.

आगे भी टीबी मरीजों को नियमित मिलेगा पोषण: GM

कंपनी के महाप्रबंधक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत भविष्य में भी अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें नियमित रूप से फूड बास्केट उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की 'निक्षय मित्र' योजना टीबी मरीजों के लिए एक अत्यंत प्रभावी एवं सराहनीय पहल है. टीबी के इलाज और दवाओं के सेवन के दौरान मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) प्रभावित होती है, ऐसे में सही व पौष्टिक आहार उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और सफल उपचार में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

समाज के हर वर्ग से निक्षय मित्र बनने की अपील

समारोह के दौरान टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों, औद्योगिक संस्थानों और सक्षम लोगों की सहभागिता पर विशेष बल दिया गया. अधिकारियों ने आमजन व संस्थाओं से 'निक्षय मित्र' अभियान से जुड़कर टीबी मरीजों के पोषण व इलाज में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की.

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

यह कार्यक्रम टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाने तथा मरीजों को संबल प्रदान करने में प्रेरणादायक साबित हुआ.

इस अवसर पर जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. ए. अहमद, बिहार डिस्टिलर्स एंड बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधिगण, जिला समन्वयक अश्विनी कुमार, 'डॉक्टर फॉर यू' संस्था की टीम तथा टीबी विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read : गया जी में छात्रों के प्रदर्शन से यातायात प्रभावित, सड़क पर उतरे SSP और SP, बिहार बंद का दिखा असर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >