Arrah News : (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट)
महाजन टोली स्थित शिवादी क्लासिक सेंटर ऑफ आर्ट एंड म्यूजिक के कला कक्ष में आयोजित आर्ट फिस्टा समर कैंप का शुभारंभ हुआ. कैंप का उद्घाटन सुविख्यात कवयित्री डॉ. ममता मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इस अवसर पर डॉ. ममता मिश्र ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. यह छुट्टियों का सदुपयोग करने का एक उत्कृष्ट माध्यम है, जहां बच्चे नए-नए हुनर सीखते हैं और अपनी प्रतिभा को निखारते हैं.
समर कैंप कला से जुड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करता
समर कैंप के मुख्य संचालक गुरु बक्शी विकास ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोगों को कला सीखने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता. ऐसे में अवकाश के दौरान आयोजित इस प्रकार के समर कैंप कला से जुड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय कलाओं की साधना के लिए निरंतर अभ्यास आवश्यक है, लेकिन समर कैंप इसके प्रति रुचि विकसित करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है.
प्रथम दिन लय और ताल विषय पर चर्चा
कार्यक्रम के संयोजक अजीत पांडेय ने बताया कि कैंप में बच्चों को शास्त्रीय गायन, कथक नृत्य और पेंटिंग की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कार्यशाला के प्रथम दिन लय और ताल विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई. इस दौरान गुरु बक्शी विकास ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को ताल की बारीकियों की जानकारी दी.
कार्यक्रम में शास्त्रीय गायिका श्रेया पांडेय ने डॉ. ममता मिश्र को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम का संचालन चांदनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विमला देवी ने प्रस्तुत किया.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
