भोजपुर के बड़हरा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने बिना वैध चालान के लगभग 100 घनफीट सोन बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार, बड़हरा थाना की विशेष छापेमारी टीम ने शनिवार को एक बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर को सोन बालू का अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया.
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने चलाया छापेमारी अभियान
बड़हरा थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग के रास्ते अवैध और ओवरलोडेड बालू लदे ट्रैक्टरों का बेधड़क परिचालन किया जा रहा है.
ग्रामीणों की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और ओवरलोडिंग तथा अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया.
केशोपुर मंदिर के समीप पकड़ाया ट्रैक्टर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का चालक गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने केशोपुर गांव स्थित मंदिर के पास एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका. जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर बिना किसी वैध चालान के अत्यधिक मात्रा में अवैध सोन बालू लेकर केशोपुर गांव की तरफ से बखोरापुर की ओर जा रहा था.
पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव निवासी शिवप्रसाद राय के पुत्र अरविंद कुमार के रूप में हुई है.
खनन विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी
मामले की सूचना मिलने पर खनन विभाग के निर्देशानुसार खान निरीक्षक राज गौरव ने बड़हरा थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई. खान निरीक्षक ने अपनी शिकायत में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को सरकारी राजस्व की बड़ी क्षति माना है.
पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर को बड़हरा थाना परिसर में खड़ा करा दिया है और गिरफ्तार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
