आरा: पत्नी का गला रेतकर फरार हुआ पति हुआ गिरफ्तार, बोकारो से दबोचा गया आरोपी

गड़हनी थाना क्षेत्र के चर्चित शिवपुर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहा पति झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार हुआ है. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हत्या स्वीकार कर ली है.

Arrah News : आरा जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के चर्चित शिवपुर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने झारखंड के बोकारो जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है. मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच जारी है.

तकनीकी जांच से बोकारो तक पहुंची पुलिस

गड़हनी थाना पुलिस फरार आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी. तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन झारखंड के बोकारो टाउन थाना क्षेत्र में मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर शिवपुर गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के पुत्र संतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया.

15 जून को बंद कमरे से मिला था महिला का शव

गौरतलब है कि 15 जून को गड़हनी थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में सरिता देवी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद शव घर के बंद कमरे में पड़ा रहा. पुलिस ने पांचवें दिन शव बरामद किया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.

पिता ने पति समेत कई लोगों पर दर्ज कराया था केस

मृतका के पिता उदवंतनगर थाना क्षेत्र के उदवंतनगर गांव निवासी गुरु गोविंद सिंह ने गड़हनी थाना में अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति संतोष सिंह, सूरज सिंह समेत अन्य लोगों पर लगाया था. पुलिस ने आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. घटना के बाद से मुख्य आरोपी संतोष सिंह फरार चल रहा था.

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने का दावा

गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी संतोष सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Md. Wasim

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >