आरा: सीएनजी ऑटो की सीट के नीचे बना था गुप्त तहखाना, 151.26 लीटर शराब बरामद

बबुरा पुलिस ने एक सीएनजी ऑटो से 151.26 लीटर शराब और बीयर जब्त की है. ऑटो में शराब छिपाने के लिए बनाया गया था गुप्त तहखाना. पढ़ें पूरी खबर.

आरा. बबुरा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक सीएनजी ऑटो से 151.26 लीटर अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद किया है. शराब को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए ऑटो की सीट के अंदर गुप्त तहखाना बनाया गया था. पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया. यह कार्रवाई कोईलवर-छपरा फोरलेन पथ पर बबुरा के समीप की गयी.

गुप्त सूचना पर शुरू की गयी वाहन जांच

थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छपरा की ओर से एक सीएनजी ऑटो से भारी मात्रा में शराब छिपाकर कोईलवर की तरफ ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने बबुरा के समीप फोरलेन पथ पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी. वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पीले रंग के सीएनजी ऑटो को रोक लिया.

सीट के नीचे बना था गुप्त तहखाना

पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली. तलाशी के दौरान सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने में अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतलें भरी हुई मिलीं. पुलिस ने तहखाने से एक-एक कर शराब की बोतलें निकालकर जब्त कीं.

बरामद शराब में किंगफिशर बीयर की 120 बोतलें शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 60 लीटर है. वहीं, ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 407 बोतलें, कुल मात्रा 73.26 लीटर तथा रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की की 24 बोतलें, कुल मात्रा 18 लीटर बतायी गयी है. पुलिस के अनुसार, सभी को मिलाकर 151.26 लीटर शराब व बीयर जब्त की गयी है.

पटना का रहने वाला है गिरफ्तार चालक

गिरफ्तार तस्कर की पहचान पटना जिले के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के लालजी टोला निवासी स्व. जुलू बहादुर के पुत्र संजय बहादुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शराबबंदी कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >