Ganesh chaturth: शहर के रमना मैदान स्थित हनुमान मंदिर के समीप सोमवार को शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे की भोजपुर इकाई की ओर से गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. पूजा का अनुष्ठान सुरेंद्र पांडेय और गुड्डू बाबा ने वैदिक मंत्रों के बीच संपन्न कराया. इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
आयोजन समिति के अनुसार, गणेश महोत्सव का आयोजन लगातार 25 वर्षों से किया जा रहा है. 25वें वर्ष को लेकर आयोजन समिति और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना और आरती के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा रमना मैदान गूंज उठा. महिलाओं, बच्चों और युवाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किये और सुख, शांति व समृद्धि की कामना की.
आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक बना आयोजन
गणेश महोत्सव के 25वें वर्ष पर आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि यह आयोजन आरा की धार्मिक और सामाजिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है. पिछले 25 वर्षों से गणपति बप्पा की स्थापना के अवसर पर शहर के लोग एकजुट होकर पूजा-अर्चना में शामिल होते रहे हैं. समय के साथ इस आयोजन से जुड़ने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है.
शिवसेना यूबीटी के बिहार प्रदेश प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 25 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आरा के लोगों की आस्था और भावनाओं से गहराई से जुड़ी है. उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार के साथ महोत्सव में पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन करने और उत्सव की खुशियां साझा करने की अपील की. उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के प्रति आभार जताया. साथ ही कहा कि श्रद्धा के साथ अनुशासन और भाईचारा बनाए रखना आयोजन की प्राथमिकता है.
15 सितंबर को होगी विशेष पूजा
गणेश महोत्सव के तहत 15 सितंबर को सुबह 10 बजे विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा प्रतिदिन शाम छह बजे मंगल आरती होगी. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने की अपील की है.
16 सितंबर को निकलेगी विसर्जन यात्रा
महोत्सव का समापन 16 सितंबर को दोपहर तीन बजे गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा के साथ होगा. समिति ने विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
समिति ने शहरवासियों और नागरिकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोगों की सहभागिता, आस्था और सहयोग से 25 वर्षों से आयोजित हो रहा यह गणेश महोत्सव लगातार यादगार बन रहा है.
