Barhara Flood School Closure : गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आठ विद्यालयों में 24 से 29 अगस्त तक पठन-पाठन स्थगित कर दिया गया है. भोजपुर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है, और प्रशासन ने प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
प्रभावित विद्यालयों की सूची
जिन विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित किया गया है, उनमें उच्च माध्यमिक विद्यालय सोहरा, मध्य विद्यालय सोहरा, उच्च विद्यालय खवासपुर, प्राथमिक विद्यालय जीवाराय का टोला (बालक), उत्क्रमित मध्य विद्यालय नेकनाम टोला, प्राथमिक विद्यालय भवन टोला, मध्य विद्यालय खवासपुर और उत्क्रमित मध्य विद्यालय जानकी बाजार शामिल हैं.
कुतुबपुर डेरा विद्यालय को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
वहीं, न्यू प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर डेरा को लेकर विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. ग्रामीणों का कहना है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण उक्त विद्यालय में 22 अगस्त से ही पठन-पाठन बंद है, लेकिन प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विकास कुमार पांडे की ओर से उपलब्ध कराई गई आठ विद्यालयों की सूची में इस विद्यालय का नाम शामिल नहीं है.
अभिभावकों को सूचना और शिक्षकों का संबंद्धीकरण
पठन-पाठन स्थगित रहने की अवधि में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थियों और अभिभावकों तक विद्यालय बंद रहने की सूचना तत्काल पहुंचाने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा, प्रभावित विद्यालयों के शिक्षकों को छात्र-शिक्षक अनुपात के अनुरूप अन्य विद्यालयों में संबद्ध करने की कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है.
प्रशासन की निगरानी और आगामी आदेश
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि विद्यालयों को दोबारा संचालित करने के संबंध में परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी, और स्थिति अनुकूल होने के बाद ही विद्यालय में पठन-पाठन शुरू करने को लेकर अलग से आदेश जारी किया जाएगा. फिलहाल प्रशासन द्वारा गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
