Veer Kunwar Singh Maidan Floodlights : आरा नगर के हृदयस्थल कहे जाने वाले वीर कुंवर सिंह मैदान में लगी चार में से तीन फ्लड लाइटें पिछले चार दिनों से खराब पड़ी हैं. इसके अलावा पाथवे के किनारे लगी कई लाइटें भी बंद हैं. लाइट खराब होने के कारण शाम और रात के समय मैदान के कई हिस्सों में अंधेरा छाया रहता है, जिससे यहां टहलने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
12.25 करोड़ की लागत से हुआ था सौंदर्यीकरण
वीर कुंवर सिंह मैदान का सौंदर्यीकरण लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कराया गया था. पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह के निर्देश पर एनटीपीसी की ओर से करीब 12.25 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है. इसके तहत मैदान में फ्लड लाइट समेत कई तरह की लाइटें और पाथवे का निर्माण कराया गया है. संबंधित ठेकेदार को अगले पांच वर्षों तक इसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी दी गयी है. इसके बावजूद पिछले चार दिनों से खराब पड़ी फ्लड लाइटों की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
सुबह से ही मैदान में पहुंचते हैं लोग
वीर कुंवर सिंह मैदान में सुबह तड़के से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है. स्वास्थ्य को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चियां यहां टहलने पहुंचती हैं. सुबह करीब चार बजे से लोग मैदान में बने पाथवे पर वॉक करते नजर आते हैं.
बरसात के मौसम में मैदान के आसपास अंधेरा रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है. लोगों का कहना है कि अंधेरे में चलते समय रास्ते में मौजूद किसी जीव-जंतु से खतरा हो सकता है. इसके अलावा पाथवे पर ठीक से रोशनी नहीं होने के कारण गिरने या चोट लगने की भी आशंका बनी रहती है.
रात में भी टहलने पहुंचते हैं लोग
मैदान के सौंदर्यीकरण के दौरान फ्लड लाइट समेत अलग-अलग स्थानों पर कई लाइटें लगायी गयी हैं. इन लाइटों की वजह से रात में भी मैदान का बड़ा हिस्सा रोशन रहता है और लोग स्वास्थ्य के लिए यहां टहलने पहुंचते हैं.
लेकिन फ्लड लाइटें खराब होने के बाद मैदान के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया है. लोगों का कहना है कि यदि मैदान में लाइटों की व्यवस्था नियमित रूप से दुरुस्त रहे, तो रात में टहलने वालों को काफी सुविधा मिल सकती है. चार दिनों से लाइट खराब होने के बावजूद मरम्मत नहीं कराये जाने पर लोगों ने संबंधित एजेंसी से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
पांच वर्षों तक मेंटेनेंस की जिम्मेदारी
वीर कुंवर सिंह मैदान का सौंदर्यीकरण करीब 12.25 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है. इस राशि का खर्च सामाजिक दायित्व के तहत एनटीपीसी की ओर से किया गया है. सौंदर्यीकरण के बाद मैदान में पाथवे, फ्लड लाइट समेत कई सुविधाएं विकसित की गयी हैं.
संबंधित ठेकेदार को अगले पांच वर्षों तक मैदान में कराये गये कार्यों का मेंटेनेंस करना है. ऐसे में लोगों का कहना है कि खराब पड़ी लाइटों की जल्द मरम्मत कराकर मैदान में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बहाल की जानी चाहिए, ताकि सुबह और रात में टहलने आने वाले लोगों को परेशानी न हो.
