आरा: बेटे से जेल में मुलाकात बनी आखिरी मुलाकात, घर लौटते पिता-पुत्र को डंपर ने रौंदा

आरा-सासाराम हाईवे पर डंपर की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। वे जेल से बेटे से मिलकर घर लौट रहे थे। इलाके में मातम का माहौल है।

Arrah News : आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव के समीप बुधवार की दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को रौंद दिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र की पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया.

जेल में बंद बेटे से मिलकर लौट रहे थे तीनों

मृतकों की पहचान इमादपुर थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव निवासी अशोक कुमार सिंह (56) और उनके पुत्र मुनमुन सिंह (32) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक इसी गांव के संतोष सिंह का पुत्र छोटू कुमार (21) है.

परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले मारपीट के मामले में अशोक कुमार सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था. बुधवार को अशोक कुमार सिंह अपने बेटे मुनमुन सिंह और गांव के ही भतीजे छोटू कुमार के साथ बाइक से आरा जेल पहुंचे थे. तीनों वहां मुन्ना सिंह से मुलाकात करने के बाद बाइक से वापस विशनपुरा गांव लौट रहे थे.

कसाप के पास डंपर ने बाइक को मारी टक्कर

तीनों जैसे ही आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर कसाप गांव के समीप पहुंचे, इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए उदवंतनगर पीएचसी पहुंचाया.

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों पटना रेफर

उदवंतनगर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, आरा रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में भी चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को पटना रेफर कर दिया. परिजन उन्हें पटना ले जा रहे थे, तभी रास्ते में अशोक कुमार सिंह और उनके पुत्र मुनमुन सिंह ने दम तोड़ दिया.

वहीं घायल छोटू कुमार को इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

पुलिस ने दोनों शवों का कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, आरा में पोस्टमार्टम कराया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. डंपर और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.

परिवार के बड़े सदस्य थे अशोक और मुनमुन

बताया जाता है कि अशोक कुमार सिंह अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. वहीं मुनमुन सिंह भी अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे. पिता-पुत्र खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे.

अशोक कुमार सिंह के परिवार में पत्नी अमरावती देवी, दो पुत्रियां खुशबू सिंह और बबली सिंह तथा दो पुत्र मुन्ना सिंह और अमन सिंह हैं. हादसे में पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

एक साथ उजड़ा सुहाग और पिता का साया

अशोक कुमार सिंह और मुनमुन सिंह की मौत के बाद घर में हाहाकार मच गया है. पत्नी अमरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, पति और बेटे की मौत का सदमा इतना गहरा है कि वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं. ग्रामीणों और परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद विशनपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है.

परिजन का फोटो | Prabhat Khabar Network
परिजन का फोटो | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद वसीम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >