भोजपुर : ठनका गिरने से खेत में काम कर रही महिला की मौत, दो गंभीर रूप से झुलसीं

भोजपुर जिले के संदेश में खेत में रोपनी कर रही महिलाओं पर ठनका गिर गया. इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं. घायलों का इलाज जारी है और गांव में मातम का माहौल है.

भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के दलेलगंज बधार में शुक्रवार की दोपहर तेज बारिश के दौरान ठनका गिरने से खेत में रोपनी कर रही एक बुजुर्ग महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसी गांव की दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.

घायलों का परिजनों द्वारा संदेश रेफरल अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतका संदेश थाना क्षेत्र के पंडुरा रामपुर गांव (वार्ड नंबर-10) निवासी गबुधन राम की 61 वर्षीया पत्नी बलेरिया देवी थीं.

वहीं घायलों में उसी गांव के निवासी विनय राम की 44 वर्षीया पत्नी लाखों देवी एवं बिजेंदर पासवान की 45 वर्षीया पत्नी तीरा देवी शामिल हैं.

मृतका के भैसुर ललन राम ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर उनकी भावह बलेरिया देवी, तीरा देवी एवं लाखों देवी के साथ खेत में रोपनी कर रही थीं. तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई.

इसी दौरान तेज गर्जन के साथ अचानक ठनका उनके ऊपर गिर पड़ा. इस हादसे में बलेरिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीरा देवी एवं लाखों देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं.

पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल तीरा देवी व लाखों देवी को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है.

सूचना पाकर संदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के परिजनों व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया.

बताया जाता है कि मृतका के परिवार में तीन पुत्र (राहुल कुमार, दीपू कुमार, रोहित कुमार) एवं एक पुत्री (बसंती देवी) हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : नालंदा : झमाझम बारिश से राजगीर के कई इलाकों में जलजमाव, सड़कों पर बहने लगा नालों का पानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >