भोजपुर : कोईलवर सीएचसी में फिर अनियमित हुई दंत चिकित्सक की ओपीडी, मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा

कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दंत चिकित्सक की ओपीडी एक बार फिर अनियमित हो गई है. जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद सुधार के कुछ दिनों की राहत के बाद स्थिति पहले जैसी हो गई है. इससे दूर-दराज से इलाज कराने आने वाले मरीजों को बिना उपचार के लौटना पड़ रहा है.

भोजपुर जिले के कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में दंत चिकित्सक की ओपीडी एक बार फिर अनियमित हो गई है. जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण के कुछ दिनों की सुधार के बाद स्थिति पुनः पहले जैसी हो गई है, जिससे दूर-दराज से दांत का इलाज कराने आने वाले मरीजों को बिना इलाज के ही मायूस होकर लौटना पड़ रहा है.

लगातार चक्कर काटने को विवश मरीज

इस संबंध में गुरुवार को इलाज कराने पहुंचीं असगरी बेगम ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि वह पिछले कई दिनों से भयंकर दांत दर्द से काफी परेशान हैं. सोमवार से लेकर गुरुवार तक लगातार चार दिनों तक सीएचसी आने के बावजूद उन्हें दंत चिकित्सक की सेवाएं नहीं मिल सकीं.

उनके पुत्र आजाद ने बताया कि दंत चिकित्सक की ओपीडी में अक्सर ताला लटका रहता है. जब उन्होंने सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दंत चिकित्सक का कक्ष बंद पाया और अस्पताल के कर्मियों से इसकी वजह पूछी, तो स्वास्थ्यकर्मियों ने जवाब दिया कि दंत चिकित्सक डॉ. पूजा कुमारी विशेष अवकाश पर हैं.

इसके बाद जब गुरुवार को वे अपनी मां को लेकर फिर से अस्पताल पहुंचे, तो एक बार फिर दंत चिकित्सक का चैंबर पूरी तरह बंद मिला.

मरीजों का आरोप और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का पक्ष

परेशान मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि दंत चिकित्सक पहले भी विभिन्न प्रकार के कारणों का हवाला देकर नियमित रूप से सीएचसी ड्यूटी पर नहीं आती थीं.

इसी लापरवाही की शिकायत को लेकर पिछले दिनों जब जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया था, तब स्थानीय ग्रामीणों ने भी दंत चिकित्सक की लगातार अनुपस्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था.

इसके बाद कुछ दिनों तक तो ओपीडी नियमित रूप से संचालित हुई, लेकिन अब हालत फिर से सिफर हो गई है, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों को बिना इलाज कराए ही मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है.

दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए बताया कि दंत चिकित्सक डॉ. पूजा कुमारी की ड्यूटी तीन दिन क्षेत्र (फील्ड) में और तीन दिन अस्पताल के ओपीडी में निर्धारित है.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुरुवार को दंत चिकित्सक अवकाश पर थीं. बहरहाल, दंत चिकित्सक डॉ. पूजा की इस 'लुकाछिपी' वाली कार्यशैली के कारण आम मरीजों को जो फजीहत झेलनी पड़ रही है, उसे लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों में गहरा रोष है.

Also Read : राजगीर : भारतीय मनोविज्ञान दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, कॉलेज में काउंसलिंग सेल की शुरुआत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepak kumar gupt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >