Arrah Shahpur First Somwari : सावन माह की पहली सोमवारी पर भोजपुर के शाहपुर प्रखंड में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की.
सुबह से ही जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार सुबह से ही शाहपुर क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा. जलाभिषेक के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालु घंटों तक कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
कुंडवा शिव मंदिर में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़
शाहपुर के बिलौटी गांव स्थित प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. दिन चढ़ने के साथ भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई. हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति के स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्था संभालते रहे.
मंदिर परिसर में सजा मेले जैसा नजारा
मंदिर परिसर और उसके आसपास पूजा सामग्री, प्रसाद एवं अन्य सामानों की दुकानों से पूरा क्षेत्र मेले में तब्दील नजर आया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
दियारांचल क्षेत्र के भीमपट्टी गांव स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इसके अलावा शाहपुर नगर के घामदेव महादेव शिव मंदिर, रानीसागर के पंचमुखी शिव मंदिर, सहजौली के बड़का शिवाला, महरजा, चमरपुर, करनामेपुर, प्रसौंडा के जोड़ा मंदिर, झौवां, करजा, देवमलपुर, डुमरिया और बरिसवन के शिवालयों में भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई.
भजन-कीर्तन से दिनभर गूंजता रहा शिवालय
संध्या समय विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया. श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन होकर धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए. पूरे शाहपुर क्षेत्र में पहली सोमवारी को लेकर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला.
Also Read : आरा नगर निगम के सैरात ठेकेदारों पर मनमानी के आरोप, नियमों की उड़ रही धज्जियां
