आरा: पीरो से दिल्ली-कोलकाता के लिए ट्रेन की मांग, रेलयात्री संघ ने कहा- आंदोलन को करेंगे तेज

पीरो दैनिक रेलयात्री संघ ने केंद्र सरकार से आरा-सासाराम रेलखंड पर पीरो होते हुए दिल्ली और कोलकाता के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग की है। जानें पूरी खबर।

Arrah News : पीरो दैनिक रेलयात्री संघ और स्थानीय सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने पीरो से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग केंद्र सरकार और रेल मंत्री से की है. आरा-सासाराम रेलखंड पर भाया पीरो दिल्ली और कोलकाता के लिए सप्ताह में कम से कम दो ट्रेनें चलाने की मांग को लेकर रेल यात्रियों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है.

बैठक में रेल यात्रियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

पीरो में दैनिक रेलयात्री संघ और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की बैठक हुई. बैठक का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता एवं दैनिक रेलयात्री संघ से जुड़े भरत प्रसाद इंडिया ने किया. इस दौरान पीरो और आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में मौजूद लोगों ने एक स्वर में प्रधानमंत्री और रेल मंत्री से पीरो के रास्ते दिल्ली और कोलकाता के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की.

आरा या सासाराम जाकर पकड़नी पड़ती है ट्रेन

बैठक में लोगों ने कहा कि पीरो और आसपास के इलाके के सैकड़ों व्यवसायी तथा आम लोग नियमित रूप से दिल्ली और कोलकाता की यात्रा करते हैं. पीरो से इन शहरों के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए आरा या सासाराम जाना पड़ता है. इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त परेशानी होती है.

यात्रियों का कहना है कि खासकर व्यवसायी वर्ग को इस समस्या का ज्यादा सामना करना पड़ता है. दिल्ली और कोलकाता से कारोबार से जुड़े सामान की खरीदारी करने के बाद व्यवसायियों को ट्रेन से आरा या सासाराम तक सामान लाना पड़ता है. इसके बाद वहां से दूसरे वाहनों के माध्यम से सामान पीरो और आसपास के इलाकों तक पहुंचाना पड़ता है.

सप्ताह में दो ट्रेनें चलाने की मांग

रेलयात्री संघ और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि अगर आरा से पीरो होते हुए दिल्ली और कोलकाता के लिए सप्ताह में कम से कम दो ट्रेनें चलायी जाती हैं, तो इससे व्यवसायियों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी. सीधी रेल सेवा मिलने से यात्रियों को आरा या सासाराम जाकर ट्रेन पकड़ने की मजबूरी खत्म होगी और कारोबारियों के लिए माल ढुलाई भी आसान हो सकेगी.

मांग पूरी नहीं हुई तो शुरू होगा आंदोलन

बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यह मांग लंबे समय से उठायी जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है. रेलयात्री संघ स्थानीय सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर इस मांग को लेकर आंदोलन शुरू करेगा. लोगों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से पीरो के यात्रियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में पहल करने की मांग की है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >